क्रिकेट

On This Day: आज ही के दिन टूटा था करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस का दिल, ऑस्ट्रेलिया ने छीन लिया था वर्ल्ड कप ट्रॉफी का सपना

On This Day: भारतीय क्रिकेट टीम को एक साल पहले आज ही के दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही 19 नवंबर का दिन अब हर भारतीय फैन के लिए बुरी यादें और दुख लेकर आता है।

Image

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद निराश भारतीय खिलाड़ी (फोटो- AP/PTI/X)

On This Day: 19 नवंबर आम लोगों के लिए सिर्फ एक तारीख है लेकिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए ये दिन किसी सदमे से कम नहीं है। आज से एक साल पहले इसी दिन करोड़ों फैंस जब देश के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेल रहे 11 खिलाड़ियों के लिए चियर कर रहे थे और जीत की उम्मीद लिए घरों पर पटाखे तैयार कर सेलिब्रेशन की तैयारियां कर रहे थे तभी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने भारतीय फैंस के सपनों को तोड़ दिया और अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित वनडे वर्ल्ड कप 2023 फाइनल को जीतकर चमचमाती ट्रॉफी को अपने नाम किया।

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पूरा टूर्नामेंट किसी सपने से कम नहीं रहा था। भारत ने शुरुआत से लेकर फाइनल तक एक भी मैच नहीं गंवाया था और विजयी रथ पर सवार होकर पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ने के लिए उतरी थी। भारत को जीत की पूरी उम्मीद थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने कंडीशन को बेहद अच्छे से पड़ा और फायदा उठाते हुए पहले भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव डाला और बाद में गेंदबाजों पर, जिससे भारत का तीसरी बार वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया।

ऐसा रहा था मैच का हाल

मैच की बात करें तो इसमें टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कंगारुओं ने भारत को पहले 11 ओवर में ही तीन बड़े झटके दे दिए थे। इसके बाद कोहली और केएल राहुल ने शानदार साझेदारी की। विराट कोहली शानदार लय में दिख रहे थे लेकिन पैट कमिंस ने शानदार गेंद डालकर उन्हें 54 रनों आउट कर दिया। इसके बाद पूरा मैदान अचानक शान्त हो गया था। केएल राहुल ने भी संघर्ष किया लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए जिसके चलते भारतीय टीम केवल 240 रन बना पाई।

ट्रेविस हेड ने भारत से छीना मैच

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम को शुरुआत में ही 3 बड़े झटके लग गए थे लेकिन बाद में ट्रेविस हेड ने अपने करियर की सबसे शानदार पारी खेली और शतक जड़ा। उनका मार्नस लाबुशेन ने भी अच्छे से साथ निभाया। इन दोनों ने भारत से मैच काफी दूर लाकर खड़ा कर दिया और अंत में टीम को जीत भी दिला दी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article