क्रिकेट

NZ vs WI 2nd Test: मैच के दूसरे दिन करियर का पहला मैच खेल रहे मिचेल हे का अर्धशतक, कीवी टीम को 73 रन की बढ़त

NZ vs WI 1st Test Day 2 Highlights: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच दिलचस्प ड्रॉ रहा था। अब दूसरा टेस्ट भी दूसरे दिन ही रोमांचक मोड़ की तरफ बढ़ता हुआ नजर आने लगा है। डेवोन कॉनवे के साथ-साथ डेब्यू कर रहे मिचेल हे ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में अर्धशतक लगाया। न्यूजीलैंड को 73 रनों की बढ़त हासिल हो गई है।

Image

न्यूजीलैंड बनाम वेस्टइंडीज दूसरा टेस्ट मैच

Photo : AP

मिच हे ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण पर अपनी पहली पारी में ही 61 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के 205 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 32 रन बनाए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 41 रन पीछे है।

स्टंप उखड़ने के समय ब्रैंडन किंग 15 और केवम हॉज तीन रन पर खेल रहे थे। माइकल रे ने जॉन कैंपबेल (14) को बोल्ड किया जबकि जैकब डफी ने नाइटवॉचमैन एंडरसन फिलिप (00) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। सात एकदिवसीय और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मिच हे को चोटिल टॉम ब्लंडेल के स्थान पर टेस्ट क्रिकेट में मौका दिया गया। उन्होंने अपने चयन को सही साबित किया तथा 93 गेंदों का सामना करके नौ चौके और एक छक्का लगाया।

न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी बिना किसी नुकसान के 24 रन से आगे बढ़ाई। कप्तान टॉम लैथम (11) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार डेवोन कॉनवे ने 60 रन की उपयोगी पारी खेली। पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 37 रन बनाए। दिन के पांचवें ओवर में केमार रोच की गेंद पर लैथम बोल्ड हो गए। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से तेजी से अंदर की ओर आई और उनके रक्षात्मक शॉट को भेद गई। विलियमसन को फिलिप ने बोल्ड किया।

कॉनवे ने लंच से पहले 87 गेंदों में अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, जो वेस्ट इंडीज के खिलाफ उनका पहला अर्धशतक है। इसके बाद दूसरे सत्र की शुरुआत में ही कॉनवे और रचिन रविंद्र (05) लगातार ओवरों में आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 117 रन हो गया।

मिच हे और डैरिल मिशेल (25) ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स ने रोस्टन चेज़ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच आउट होने से पहले 18 रन बनाए। जैक फाउल्क्स 23 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी नहीं कर पाए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article