क्रिकेट

NZ vs SL 3rd ODI Pitch Report: न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट

NZ vs SL 3rd ODI Pitch Report In Hindi: तीन अंतरारष्ट्रीय वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे व अंतिम मुकाबले में अब शनिवार (11 January 2025) श्रीलंका क्रिकेट टीम और मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच मैच खेला जाएगा। ये तीसरा वनडे मैच ऑकलैंड में आयोजित किया जाना है। सीरीज के पहले दोनों मुकाबले जीतकर न्यूजीलैंड ने अजेय बढ़त बना ली है और अब श्रीलंकाई टीम तीसरे वनडे मैच में क्लीन स्वीप को रोकने के लिए खेलती नजर आएगी। यहां हम जानेंगे न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट और कैसे हैं ऑकलैंड के मैदान के आंकड़े।

Image

न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • न्यूजीलैंड-श्रीलंका वनडे सीरीज 2025
  • अब दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा तीसरा व अंतिम वनडे मैच
  • श्रीलंका-न्यूजीलैंड तीसरा वनडे ऑकलैंड में आयोजित होगा

NZ vs SL 3rd ODI Pitch Report In Hindi: मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और मेहमान श्रीलंकाई क्रिकेट टीम (New Zealand vs Sri Lanka) के बीच तीन वनडे मैचों की द्विपक्षीय सीरीज का तीसरा व आखिरी मैच शनिवार को ऑकलैंड (Auckland) में खेला जाएगा। इससे पहले मौजूदा सीरीज के पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 9 विकेट से करारी मात दी थी। जबकि दूसरे वनडे मैच मेजबान कीवी टीम ने श्रीलंका को 113 रनों से बड़ी हार से सामना कराया। दोनों मैचों में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद अब न्यूजीलैंड की टीम चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 से पहले साल की पहली वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरने जा रही है। न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरा वनडे मैच भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह 6:30 बजे से शुरू हो जाएगा। न्यूजीलैंड वनडे टीम की अगुवाई मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) कर रहे हैं। जबकि श्रीलंकाई टीम की कमान चरिथ असलंका (Charith Asalanka) के हाथों में है।

न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले तीसरे वनडे मैच से पहले जान लेते हैं कि अब तक वनडे क्रिकेट इतिहास में इन दोनों टीमों के आमने-सामने के आंकड़े कैसे रहे हैं और किसका पलड़ा अब तक भारी रहा है। इन दोनों टीमों के बीच वनडे इतिहास में अब तक 107 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें 54 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं जबकि 43 मैचों में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को हराया है। इस दौरान 1 मैच टाई भी रहा और 9 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। वही, अगर न्यूजीलैंड की जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच खेले गए वनडे मैचों की बात करें तो अब तक यहां इनके बीच 47 वनडे मुकाबले हो चुके हैं जिसमें 32 मैच मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने जीते हैं। जबकि श्रीलंका ने सिर्फ 12 मैचों में जीत दर्ज की। तीन मैच यहां बेनतीजा रहे।

न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरे वनडे मैच की पिच रिपोर्ट (NZ vs SL 3rd ODI Pitch Report)

वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच ऑकलैंड के ईडेन पार्क (Eden Park) में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच ज्यादातर बल्लेबाजों के पक्ष में रही है। यहां का सर्वाधिक वनडे स्कोर 340/5 है जो न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2007 में लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाया था। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 219 रन का है। यहां पर गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहता आया है। ऐसे में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच तीसरे वनडे मैच में भी फैंस रनों की बारिश की उम्मीद कर सकते हैं। गेंदबाजों को अगर कुछ दम दिखाना है तो उन्हें इस पिच पर शुरुआती ओवरों में नई गेंद के साथ कुछ कमाल करके दिखाना होगा।

तीसरे वनडे में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players to Watch Out For In NZ vs SL 3rd ODI)

न्यूजीलैंड-श्रीलंका तीसरे वनडे मैच में कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर होंगे। अगर न्यूजीलैंड की बात करें तो उनकी तरफ से फैंस की नजरें सीरीज के टॉप स्कोरर रचिन रवींद्र (Rachin Ravindra), विल यंग (Will Young), मार्क चैपमैन (Mark Chapman) के अलावा तेज गेंदबाज मैट हैनरी (Matt Henry) और जेकब डफी (Jacob Duffy) पर टिकी रहेंगी। वहीं मेहमान श्रीलंकाई टीम की तरफ से पिछले वनडे में हैट्रिक लेने वाले स्पिनर महीष थीक्षणा (Maheesh Theekshana), वानिंदु हसरंगा (Wanindu Hasaranga), कमिंडु मेंडिस (Kamindu Mendis) और अविष्का फर्नान्डो (Avishka Fernando) से सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी।

ऑकलैंड में पिछले 5 वनडे मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 ODI Matches Scorecards And Results At Auckland)

तारीख टीमें स्कोरकार्ड नतीजे
30 जनवरी 2017न्यूजीलैंड-ऑस्ट्रेलियान्यूजीलैंड- 286/9, ऑस्ट्रेलिया- 280 रनन्यूजीलैंड 6 रन से जीता
4 मार्च 2017न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीकान्यूजीलैंड- 149, दक्षिण अफ्रीका- 150/4दक्षिण अफ्रीका 6 विकेट से जीता
8 फरवरी 2020न्यूजीलैंड-भारतन्यूजीलैंड- 273/8, भारत- 251 रनन्यूजीलैंड 22 रन से जीता
25 नवंबर 2022न्यूजीलैंड-भारतभारत- 306/7, न्यूजीलैंड- 309/3न्यूजीलैंड 7 विकेट से जीता
25 मार्च 2023न्यूजीलैंड-श्रीलंकान्यूजीलैंड- 274, श्रीलंका- 76 रनन्यूजीलैंड 198 रन से जीता

न्यूजीलैंड और श्रीलंका की वनडे टीमें (New Zealand And Sri Lanka ODI Squads)

न्यूजीलैंड वनडे टीमः मिशेल सेंटनर (कप्तान), रचिन रवींद्र, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), नाथन स्मिथ, विलियम ओ'रूर्के, टॉम लैथम, माइकल ब्रेसवेल, मैट हेनरी और जैकब डफी।

श्रीलंका वनडे टीमः चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, अविष्का फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कामिंडु मेंडिस, जेनिथ लियानगे, चामिंडु विक्रमसिंघे, वानिंदु हसरंगा, ईशान मलिंगा, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, जेफरी वांडरसे, नुवानिदु फर्नांडो, मोहम्मद शिराज, महीष थीक्षाना, निशान मदुष्का और डुनिथ वेललागे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article