DPL 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में बुधवार को खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 वुमेंस टूर्नामेंट के फाइनल में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स (वुमेन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की टीम 20 ओवर में 122/6 का स्कोर ही बना सकी। टीम के लिए कप्तान श्वेता सहरावत ने 32 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। विकेटकीपर निशिका सिंह ने नाबाद 39 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स बनी DPL चैंपियन
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के गेंदबाजों ने एकजुट होकर शानदार गेंदबाजी की। प्रिया मिश्रा, नाजमा, अर्चना, रेशिका बेनीवाल और अपेक्षा आनंद ने एक-एक विकेट लिया। सबसे किफायती गेंदबाज अपेक्षा रहीं, जिन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन दिए और पूरे मैच में सुपरस्टार्ज पर दबाव बनाए रखा। 123 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली की शुरुआत लड़खड़ा गई। उपासना यादव ने 8 गेंदों में 9 रन बनाए, लेकिन टीम 15 रन पर ही 2 विकेट गंवा बैठी थी।
आयुषी सोनी ने खेली कप्तानी पारी
यहां से कप्तान आयुषी सोनी और अर्चना ने पारी को संभाला। दोनों के बीच अहम साझेदारी हुई। आयुषी ने 39 गेंदों में 43 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि अर्चना ने 36 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। इस साझेदारी ने मैच का रुख नॉर्थ दिल्ली की तरफ मोड़ दिया। अंतिम 4 ओवर में जब 20 रन की जरूरत थी, तब मैच रोमांचक मोड़ पर था। लेकिन नाजमा ने दबाव में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 4 चौकों के साथ नाबाद 24 रन बनाए और समैरा राघव ने 6 गेंदों में छक्के सहित नाबाद 7 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। नॉर्थ दिल्ली ने 19 ओवर में 128/4 बनाकर 6 विकेट से फाइनल जीत लिया और DPL 2026 वुमेन चैंपियन बन गई।
