क्रिकेट

इंग्लैंड में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन के बाद सिद्धू ने साधा गंभीर के आलोचकों पर निशाना

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने इंग्लैंड दौरे पर युवा खिलाड़ियों के बल पर टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर होने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर का साथ देते हुए उनके आलोचकों पर करारा प्रहार किया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

गौतम गंभीर (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर की इंग्लैंड दौरे के दौरान उनके दृढ़ विश्वास की सराहना की और साथ ही उनके आलोचकों से पूछा कि क्या ब्रिटेन में 2-2 से ड्रॉ के लिए वे अब खड़े होकर उनका अभिवादन करेंगे। भारतीय टीम विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के टेस्ट प्रारूप से संन्यास लेने के कुछ समय बाद ही इस दौरे के लिए रवाना हुई थी। टीम ने पांच टेस्ट की श्रृंखला में बेहतरीन क्रिकेट खेला और इंग्लैंड को उसकी ही सरजमीं पर ड्रॉ पर रोक दिया।

गंभीर को भी जाता है टीम की सफलता का श्रेय

‘द ओवल’ में श्रृंखला के निर्णायक मैच में मिली शानदार जीत पर सिद्धू ने कहा कि टीम की सफलता का श्रेय गंभीर को भी जाता है। सिद्धू ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय मुख्य कोच के आलोचकों से पूछा,'हम नायकों की बहुत ज्यादा पूजा करते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि जब भी भारत थोड़ा खराब खेलता है तो हर कोई गौतम गंभीर को दोषी ठहराने लगता है। क्या आप आज खड़े होकर उनका अभिवादन करेंगे?'

आलोचना के बाद भी अपने रुख पर अड़े रहे गंभीर

उन्होंने कहा कि कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को आजमाने से भले ही नतीजे मिले हों लेकिन उन्होंने गंभीर को श्रेय दिया जो अपने काम करने के तरीके की आलोचना के बावजूद अपने रुख पर अड़े रहे और युवाओं के लिए दरवाजे खोलते रहे। सिद्धू ने कहा,'गंभीर ही थे जिन्होंने आकाशदीप और वॉशिंगटन जैसे खिलाड़ियों को मौके दिए। कुलदीप शायद एक बेहतर विकल्प थे। लेकिन वह दृढ़ थे। सुधार की गुंजाइश तो आज भी और कल भी होगी। लेकिन जिस व्यक्ति की इतनी आलोचना की गई है, उसे आज वह सम्मान दें जिसके वह हकदार हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article