क्रिकेट

IND vs SA: रांची में आतिशी पारी खेलने के बाद बोले ईशान, आसानी से छक्के जड़ सकता हूं तो...

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 10, 2022, 08:25 AM IST

ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घरेलू मैदान रांची में 93 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद कहा है कि अगर मेरी ताकत छक्के जड़ना है तो मैं स्ट्राइक रोटेट करने के बारे में क्यों सोचूं?

Image

Ishan-kishan-Ranchi-ODI

रांची: भारत के युवा आतिशी क्रिकेट खिलाड़ी ईशान किशन रविवार को अपने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ने से महज 7 रन के अंतर से चूक गए। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 84 गेंद में 93 रन की नाबाद पारी खेली। लेकिन टीम के 7 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करने के बाद उन्हें अपने शतक पूरा नहीं कर पाने का कोई कोई मलाल नहीं हैं।

आसानी से जड़ सकता हूं छक्के तो...

ईशान किशन ने अपनी आतिशी पारी के दौरान 4 चौके और 7 गगन चुंबी छक्के जड़े। ऐसे में उनका मानना है कि अगर कोई खिलाड़ी आसानी से छक्के जड़ सकता है तो स्ट्राइक रोटेट करने की जरूरत नहीं है। 24 वर्षीय ईशान ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, कुछ खिलाड़ियों की ताकत स्ट्राइक रोटेट करना होती है। मेरी ताकत छक्के जड़ना है। अगर मैं आसानी से छक्के जड़ सकता हूं और बहुत से लोग ऐसा नहीं कर सकते हैं। अगर मैं अपना काम छक्के जड़कर कर सकता हूं तो स्ट्राइक रोटेट करने के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है।'

स्ट्राइक रोटेट करना भी कई मौकों पर होता है अहम

ईशान ने आगे कहा, अगर आपकी ताकत छक्के जड़ना हो तो ऐसा करिए। स्ट्राइक रोटेट करने की क्या जरूरत है। लेकिन कई बार ऐसे मौके भी आते हैं जब स्ट्राइक रोटेट करना अहम होता है। खासकर तब जब दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिर रहे हों।' उन्होंने आगे कहा, निश्चित तौर पर स्ट्राइक रोटेट करना जरूरी है। मैं सात रन भागकर अपना शतक पूरा कर सकता था लेकिन मैं उस जोन में मैच के दौरान कभी नहीं गया जब मैं खुद के लिए खेलता। अगर मैं देश का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यक्तिगत स्कोर के बारे में सोचता हूं तो मैं ऐसा करके अपने फैन्स को निराश करूंगा।

टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने का मौका दिया है। 24 वर्षीय ईशान लखनऊ में खेले गए पहले वनडे में तो नाकाम रहे लेकिन रांची में अपने घरेलू मैदान पर 84 गेंद में 93 रन की पारी खेलने में सफल रहे।

देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने बारे में नहीं सोचता

ईशान किशन आईपीएल में भी अपना शतक पूरा करने से चूक गए थे। वो आरसीबी के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 99 रन बनाकर आउट हुए। इस बारे में उन्होंने कहा, हमें दो गेंद में पांच रन जीत के लिए बनाने थे। अगर मैं स्ट्राइक रोटेट करने के बारे में सोचता तो हमारे लिए जीत हासिल करना मुश्किल हो जाता। निश्चित तौर पर शतक से चूकना निराशाजनक है लेकिन टीम के लिए 93 रन का योगदान बड़ा है। टीम को लय प्रदान करन के साथ ये सुनिश्चित करना जरूरी था कि जब अगला बल्लेबाज मैदान पर आए तो वो उसके ऊपर कम दबाव हो।

अपनी कमियों की वजह से नहीं बना पाया विश्व कप की टीम में जगह

टी20 विश्व कप 2022 के लिए टीम में नहीं चुने जाने से ईशान किशन निराश हैं। साल 2021 में यूएई में आयोजित विश्व कप के दौरान वो टीम इंडिया का हिस्सा थे। इस बारे में ईशान ने कहा, जब आप विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की टीम हिस्सा नहीं होते हैं तो बुरा लगता है लेकिन मेरे अंदर कुछ कमियां थीं जिसकी वजह से मेरे हाथ से मौका निकल गया। चयनकर्ताओं ने जो कमियां चिन्हित की हैं अब मुझे उनपर सुधार करना है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article