भारतीय क्रिकेट से सबसे सफल कप्तान और 3 आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते एमएस धोनी आईपीएल 2024 में भी चेन्नई की कप्तानी करते दिखेंगे। हर बार की तरह इस बार भी फैंस को लगता है कि यह उनका आखिरी सीजन होगा, लेकिन धोनी कब क्या कर दें ये केवल उन्हें ही पता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हुए धोनी को 3 साल हो गए हैं इसके बावजूद फैंस में उनकी दीवानगी कम नहीं हुई है।
यही कारण है कि फैंस उन्हें अब भी उतना ही प्यार करते हैं। जिस तरह फैंस के लिए धोनी मायने रखते हैं ठीक उसी तरह धोनी के दिल में भी फैंस के लिए भी खास जगह है। यही कारण है कि उनकी पसंद और नापसंद का वह बाखूबी ख्याल रखते हैं। धोनी ने बताया है कि कैसे वह न चाहते हुए भी फैंस के लिए लंबे बाल रखने को मजबूर हैं।
धोनी को नहीं पसंद लंबे बाल
धोनी ने एक निजी कार्यक्रम में बातचीत के दौरान कहा कि लंबे बाल के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है, लेकिन फैंस को अच्छा लगता है इसलिए वह ऐसा करने के लिए मजबूर हैं। धोनी ने कहा 'लंबे बाल का ख्याल रखना मुश्किल होता है। पहले मैं 20 मिनट में तैयार हो जाता था, लेकिन अब 1 घंटा 10 मिनट लग जाता है। मैं ऐसा कर रहा हूं क्योंकि फैंस चाहते हैं। लेकिन कभी मैं जागूंगा और इसे काट दूंगा।'
