क्रिकेट

ICC Award: भारत-पाकिस्तान मैच विवाद के बीच टीम इंडिया को मिली गुड न्यूज, मोहम्मद सिराज को मिला खास सम्मान

ICC Award: भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच विवाद के बीच टीम इंडिया को एक गुड न्यूज मिली है। दरअसल तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी का ईनाम मिला है। उन्हें यह ईनाम आईसीसी की ओर से मिला है।

Image

मोहम्मद सिराज (साभार-BCCI)

भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच विवाद के बीच आखिरकार टीम इंडिया के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी से धमाल मचाने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आईसीसी ने सम्मानित किया है। भारत के इस तेज गेंदबाज को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट में शानदार प्रदर्शन के लिए सोमवार को अगस्त महीने का आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। आयरलैंड की महिला खिलाड़ी ओर्ला प्रेंडरगैस्ट को भी सिराज के साथ महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच के अंतिम दिन शानदार प्रदर्शन किया जिससे भारत ने यह मैच छह रन से जीत कर श्रृंखला बराबर कराई।

इस भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना मेरे लिए विशेष सम्मान की बात है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी एक यादगार श्रृंखला थी और यह उन सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक थी जिनका मैं हिस्सा रहा हूं।’’ सिराज ने कहा, ‘‘मुझे गर्व है कि मैं कुछ महत्वपूर्ण स्पैल में योगदान दे सका, खासकर निर्णायक क्षणों में। शीर्ष बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ उनकी घरेलू परिस्थितियों में गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन इसने मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।’’

भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में सिराज

भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में युवा टीम के साथ इंग्लैंड पहुंची थी। जब सीरीज बराबरी पर खत्म हुई तो इसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। लेकिन जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में जिस तरह से मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी की, वह काबिले तारीफ थी। वह इस सीरीज के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 5 मैच में 32.43 की औसत से 23 विकेट चटकाए थे, जिसमें 2 फाइफर और एक फोर-फर शामिल था।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article