क्रिकेट

IND vs BAN: मोहम्मद सिराज ने बताया किस रणनीति से उन्होंने बांग्लादेश को सताया, झटके विकेट

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 15, 2022, 09:43 PM IST

Mohammed Siraj, India vs Bangladesh 1st Test: भारत और बांग्लादेश के बीच चटगांव में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय पेसर मोहम्मद सिराज ने अपनी रफ्तार का जलवा बिखेरते हुए तीन विकेट झटके। दिन का खेल खत्म होने के बाद मोहम्मद सिराज ने बताया कि उन्होंने क्या रणनीति अपनाई थी।

Image

मोहम्मद सिराज ने दूसरे दिन चटकाए 3 विकेट (AP)

India vs Bangladesh 1st Test: टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के पहले मैच में मेजबान टीम मुश्किल में है। टीम इंडिया ने पहली पारी में 404 रन बनाने के बाद दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बांग्लादेश के 133 रन पर 8 विकेट चटका दिए थे। इसमें एक तरफ जहां कुलदीप यादव का सर्वाधिक 4 विकेट का योगदान रहा, वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी अपनी रफ्तार का कमाल दिखाते हुए शुरुआती विकेट चटकाए और सबका दिल जीता। तीन विकेट लेने वाले सिराज ने मैच के बाद अपनी रणनीति का खुलासा किया।

मोहम्मद सिराज ने टेस्ट के दूसरे दिन बांग्लादेश की पहली पारी में अब तक 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए हैं। दिन का खेल समाप्त होने के बाद मोहम्मद सिराज ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर लाइन एवं लेंथ से गेंदबाजी करने को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘लाल गेंद मेरी पसंदीदा है। मैं लाल गेंद से ज्यादा निरंतर गेंदबाजी करता हूं क्योंकि इसमें लाइन एवं लेंथ अहम होती है। श्रेय सभी गेंदबाजों को दिया जाना चाहिए।’’

सिराज ने आगे कहा, ‘‘मेरी रणनीति लगातार एक ही जगह पर गेंदबाजी करने की थी क्योंकि यह इस तरह का विकेट है कि अगर आप ज्यादा कोशिश करोगे तो आपके पास रन लुटाने के काफी मौके हैं। मेरी योजना एक ही जगह पर गेंदबाजी करने की थी जिससे मुझे सफलता मिली।’’

सिराज ने कहा कि एक तेज गेंदबाज को टेस्ट मैचों में सफलता हासिल करने के लिये ‘स्टंप-टू-स्टंप’ गेंदबाजी करनी चाहिए। इस 28 साल के गेंदबाज ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जितना ज्यादा आप स्टंप लाइन में गेंदबाजी करोगे, उतना बेहतर होगा क्योंकि तब आपके पास पगबाधा करने का मौका होता है।’’

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article