क्रिकेट

IND vs NZ: 332 दिन बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर वापसी कर सकते हैं मोहम्मद शमी

IND vs NZ, Mohammed Shami Comeback: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है। इस सारीज का आगाज 16 अक्टूबर से होगा। इस सीरीज में टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी वापसी करने को तैयार हैं। वे 332 दिन बाद मैदान पर वापसी कर सकते हैं।

Image

विराट कोहली से बात करते हुए मोहम्मद शमी। (फोटो- ICC X)

Photo : Twitter

IND vs NZ, Mohammed Shami Comeback: वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारत के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी मैदान से दूर चल रहे हैं। चोटिल होने के कारण मोहम्मद शमी आईपीएल और टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से दूर रहे। लेकिन अब शमी के फैंस के लिए अच्छी खबर है। भारत के तेज गेंदबाज जल्द मैदान पर वापसी करने वाले हैं। शमी अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर वापस लौट सकते हैं। शमी ने आखिरी मुकाबला 19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। वे करीब 332 दिन बाद वापसी कर सकते हैं।

घरेलू क्रिकेट में दम दिखाने उतरेंगे शमी

बंगाल का तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी फिलहाल बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में है। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद है। लेकिन इससे पहले मोहम्मद शमी बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट दम दिखाने उतरेंगे। उन्हें 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लेना है। पीटीआई के अनुसार, 10 महीनों में पहली बार यह प्रमुख तेज गेंदबाज एक्शन में दिखाई देगा। शमी के उत्तर प्रदेश के खिलाफ बंगाल के पहले मैच या बिहार के खिलाफ दूसरे मैच में खेलने की संभावना है।

शुरुआती मैचों में शामिल नहीं थे शमी

मोहम्मद शमी को वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शुरुआती कुछ मैचों में टीम में शामिल नहीं किया था। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के टखने में चोट लगने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया। एक बार जब शमी को टीम में शामिल किया गया, तो उन्हें बाहर करना नामुमकिन हो गया। उन्होंने सबसे ज्यादा 24 विकेट चटकाए। हालांकि, अनुभवी तेज गेंदबाज शमी को टखने में चोट लग गई थी, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी। शमी ने विश्व कप के बाद सर्जरी करवाने का फैसला किया और अब वह इस चोट से उबर चुके हैं और जल्द वापसी कर सकते हैं।

16 अक्टूबर से शुरू होगा भारत-न्यूजीलैंड का मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला बेंग्लुरु में 16 अक्टूबर से खेला जाएगा। इसी तरह सीरीज का दूसरा मुकाबला पुणे में 24 अक्टूबर से और तीसरा और आखिरी मुकाबला मुंबई में 01 नवंबर से खेला जाएगा। सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे से खेला जाएगा।

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article