क्रिकेट

4 गेंदों में 4 विकेटः मोहम्मद शमी ने आते ही ढाया कहर, देखता रह गया ऑस्ट्रेलिया !

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 17, 2022, 01:52 PM IST

India vs Australia T20 World Cup 2022, Warm up game: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2022 के अभ्यास मुकाबले में भारत ने रोमांचक अंदाज में 6 रन से जीत दर्ज की। इस जीत में जिस खिलाड़ी की सबसे अहम भूमिका रही, वो हैं भारतीय पेसर मोहम्मद शमी।

Image

टीम इंडिया के साथ मोहम्मद शमी (BCCI)

IND vs AUS T20 World Cup 2022, Warm-Up game: आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 विश्व कप 2022 का अभ्यास मैच खेला गया। ब्रिस्बेन में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप 2022 से पहले अपना दम दिखाया। भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को रोमांचक अंदाज में 6 रन से शिकस्त दी। इस मैच में वैसे तो कई खिलाड़ियों ने अपना योगदान दिया लेकिन सबसे अहम योगदान रहा भारतीय पेसर मोहम्मद शमी का जिनको जसप्रीत बुमराह की जगह भारतीय टीम में जगह मिली है।

मोहम्मद शमी को अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया रवाना किया गया था और चोट की वजह से टी20 विश्व कप से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह की जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया। सोमवार को जब भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें ब्रिस्बेन में अभ्यास मैच खेलने उतरीं तो उसमें सबकी नजरें भारतीय गेंदबाजों पर थीं जिनका प्रदर्शन हाल में कुछ खास नहीं रहा। ऐसे में सबसे ज्यादा उम्मीदें मोहम्मद शमी से थीं जिनका अनुभव टीम इंडिया के पहले भी कई बार काम आ चुका है। शमी ने भी निराश नहीं किया।

अचानक शमी को पिच पर उतारा

अभ्यास मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 7 विकेट खोते हुए 186 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब देने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 19 ओवर में 6 विकेट खोते हुए 176 रन बना लिए थे। अंतिम ओवर में उनको जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। तभी भारत ने अचानक एक बड़ा बदलाव करते हुए मोहम्मद शमी को मैदान पर उतार दिया जिन्होंने अब तक एक भी ओवर नहीं किया था। गौरतलब है कि अभ्यास मैच में दोनों टीमों को अतिरिक्त खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतारने की छूट होती है।

शमी ने आते ही ढा दिया कहर

ऑस्ट्रेलिया बस जीत के करीब ही थी, तभी अंतिम ओवर के लिए मोहम्मद शमी को मैदान पर उतारा गया और शमी ने आते ही कहर ढा दिया। पिच पर जोश इंग्लिस और पैट कमिंस बल्लेबाजी कर रहे थे। पहली दो गेंदों पर पैट कमिंस ने 2-2 रन लिए। लेकिन इसके बाद जो शमी ने किया वो देखने लायक रहा। शमी की इन चार गेंदों पर पर ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट गिर गए और भारत को शानदार जीत मिली। इसमें तीन विकेट शमी के खाते में गए जबकि एक विकेट रन आउट के जरिए हुआ। इस रन आउट में भी शमी का योगदान रहा।

अंतिम 4 गेंदों का हाल

तीसरी गेंद- पैट कमिंस को शमी ने विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया।

चौथी गेंद - एश्टन एगर रन आउट हुए। इसमें भी शमी का योगदान रहा। उन्होंने कार्तिक के साथ मिलकर रन आउट किया।

पांचवीं गेंद - शानदार यॉर्कर गेंद। शमी ने जोश इंग्लिस को बोल्ड किया। लगातार तीसरा विकेट गिरा।

छठी गेंद - एक और यॉर्कर गेंद और केन रिचर्ड्सन भी बोल्ड हुए। ऑस्ट्रेलिया 180 रन पर ऑलआउट हुई। शमी की करिश्माई गेंदबाजी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article