India vs Sri Lanka 1st ODI, Mohammad Shami and Dasun Shanaka run-out incident: भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 67 रन से शिकस्त देते हुए साल का पहला वनडे मैच अपने नाम किया। इस मैच में दो शतक लगे, पहला शतक भारतीय पारी के दौरान लगा जो विराट कोहली ने बनाया। जबकि दूसरा शतक श्रीलंकाई पारी के दौरान लगा जिसे उनके कप्तान दासुन शनाका ने बनाया। लेकिन दासुन शनाका अपने इस शतक से चूक जाते अगर रोहित शर्मा दरियादिल ना बने होते। जानिए पूरा मामला।
मामला मैच के अंतिम ओवर का है जब श्रीलंकाई टीम के कप्तान दासुन शनाका 98 रन बनाकर खेल रहे थे और अपने वनडे शतक से सिर्फ 2 रन दूर थे। उनकी टीम हार के करीब खड़ी थी लेकिन वे चाह रहे थे किसी भी हाल में शनाका का शतक हो जाए। तभी मोहम्मद शमी ने गेंद फेंकने से पहले देखा कि शनाका क्रीज के बाहर खड़े होकर रन लेने की तैयारी कर रहे थे। शमी ने विकेट बिखेर दिए और रन-आउट की अपील कर डाली। मैदान में हलचल सी मची, तभी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आगे आए और शमी से अपील को वापस लेने के लिए कहा जिससे शनाका नॉटआउट रहे और अपनी पारी आगे बढ़ाते हुए शतक पूरा करने में सफल रहे।
देखिए उस पल का वीडियो
भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली के 45वें वनडे शतक (113 रन) के दम पर 373 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने भी अच्छा संघर्ष किया लेकिन वे भारत के स्कोर से काफी पीछे रह गए।
श्रीलंका ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाए। इसमें दासुन शनाका (नाबाद 108) की शतकीय पारी के अलावा ओपनर पाथुम निसंका (72 रन) का अहम योगदान रहा। भारत ने तीन वनडे मैचों की इस सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
