क्रिकेट

जीत के बावजूद पंत की कप्तानी से खुश नहीं हैं मोहम्मद कैफ, LSG कप्तान को दी सलाह

केकेआर के खिलाफ मैच में लखनऊ की टीम रोमांचक तरीके से जीतने में कामयाब रही। लखनऊ लगातार दूसरा मुकाबला जीत तो गई, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत कुछ खास नहीं

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत की आलोचना करते हुए कहा कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज को अपनी खेल की समझ में सुधार करना होगा और लगातार अच्छे परिणाम के लिए अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी।एलएसजी ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल मैच में तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। पंत इस मैच में केवल 10 रन बना पाए थे और उनके शीर्ष क्रम के अन्य बल्लेबाज भी नहीं चल पाए थे। मुकुल चौधरी के नाबाद 54 रन की मदद से एलएसजी ने यह मैच जीता था। पंत के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है और कैफ ने इसी संदर्भ में उनकी आलोचना की।

कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ’’’टीम को जरूरत थी कि वह अंत तक क्रीज पर टिके रहें। वह अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो 2016 से आईपीएल में खेल रहे हैं। जब वह बल्लेबाजी करने आए तो स्थिति मुश्किल नहीं थी। एलएसजी ने पहले पांच ओवरों में ही 41 रन बना लिए थे। किसी एक बल्लेबाज को जिम्मेदारी लेनी थी और अंत तक बल्लेबाजी करनी थी। यह भूमिका पंत को निभानी चाहिए थी।’’

उन्होंने कहा, ’’कप्तान होने के नाते अगर आप जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो आप अपनी टीम को मैच जिताने में मदद नहीं कर सकते। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उन्हें निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है। उन्हें मैच की स्थिति को बेहतर ढंग से समझना होगा और यह सीखना होगा कि कब अपनी रणनीति बदलनी है।’’

कैफ ने कहा, ’’एक कप्तान का काम होता है कि वह लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत तक टिका रहे और पंत को इसी पर काम करना होगा।’’

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि एलएसजी इस सत्र में अपने प्रमुख खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद जीत रही है जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वह पूरी तरह से उन पर निर्भर नहीं है। गावस्कर ने कहा, ’’वे (एलएसजी) मुश्किल स्थिति में थे, लेकिन अपने युवा खिलाड़ियों की मदद से जीत हासिल करने में कामयाब रहे। मिचेल मार्श ज्यादा रन नहीं बना पाए, एडन मारक्रम ने सिर्फ 22 रन बनाए। पंत और पूरन भी लय में नहीं आ सके।’’

उन्होंने कहा, ’’अपने मुख्य बल्लेबाजों के संघर्ष के बावजूद एलएसजी ने खुद को संभाला और जीत हासिल की। पिछले साल वे पूरी तरह से अपने इन मुख्य खिलाड़ियों पर निर्भर थे। इस सत्र में वे इन खिलाड़ियों पर निर्भर हुए बिना भी जीत हासिल कर रहे हैं।’’ गावस्कर ने कहा, ’’एलएसजी के लिए चिंता का विषय निकोलस पूरन की खराब फॉर्म है। केकेआर के खिलाफ वह लय में नहीं दिखे। एलएसजी को पूरन का आत्मविश्वास वापस दिलाने का कोई तरीका ढूंढना होगा।’’

उन्होंने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की भी प्रशंसा की। गावस्कर ने कहा, ’’मुकुल चौधरी बेखौफ होकर बल्लेबाजी करता है। उसने अविश्वसनीय पारी खेली। मुझे आईपीएल में यही बात सबसे अच्छी लगती है कि हर दिन हमें कुछ नया देखने को मिलता है। उसने जो आत्मविश्वास दिखाया और जिस तरह से अपने शॉट खेले, वह देखना वाकई अद्भुत था।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article