स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम चरण में है। रविवार, 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही इतिहास रचने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। भारत का लक्ष्य अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करना और घरेलू मैदान पर ट्रॉफी उठाने का दुर्लभ कारनामा हासिल करना है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम लगातार हार के सिलसिले को खत्म करते हुए आखिरकार अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब जीतने के लिए बेताब होगी।
दोनों टीमें रोमांचक फाइनल के लिए तैयार हैं, लेकिन भारतीय फैंस आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर चिंतित हैं। 2023 में, ऑस्ट्रेलिया ने इसी मैदान पर वनडे विश्व कप 2023 का खिताब जीतकर भारत के लगातार अपराजेय रहने के सिलसिले को तोड़ दिया था। वहीं, मिचेल सैंटनर के बयान ने एक बार फिर फैंस की धड़कने तेज कर दी है। हालांकि, ज्यादा दर्शकों के सामने खेलने की चुनौती को भी स्वीकार किया है।
पैट कमिंस की तरह दी चेतावनी
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पूछा गया कि क्या उनकी टीम पैट कमिंस की ऑस्ट्रेलिया टीम की तरह 2023 में दर्शकों को शांत करना चाहेगी, तो सैंटनर ने कहा, 'यही हमारा लक्ष्य है, दर्शकों को शांत करना। लेकिन क्रिकेट में कई चुनौतियां हैं और वे बदलती रहती हैं। मुझे लगता है कि भारत पर अपने घरेलू मैदान पर जीतने का काफी दबाव है।
एक छोटी सी गलती के कारण
सैंटनर ने कहा, 'हमने पूरे विश्व कप में देखा है कि कई टीमें लगभग एक ही स्तर पर हैं और अक्सर मैच का नतीजा कुछ छोटे-छोटे पलों में बदल जाता है। पिछली रात इंग्लैंड लक्ष्य का पीछा करने के बेहद करीब पहुंच गया था। दक्षिण अफ्रीका ने पूरे मैच में शानदार क्रिकेट खेला, लेकिन फिर हमारे खिलाफ एक छोटी सी गलती के कारण वे हार गए। इसलिए, हमारे लिए यह आत्मविश्वास की बात है कि अगर हम इसी तरह खेलते रहे, तो हम किसी और बड़ी टीम को हरा सकते हैं।'
भारत पर काफी दवाब
उन्होंने आगे कहा, 'घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने का भारत पर काफी दबाव है। अगर हम मैदान पर उतरकर उन पर अतिरिक्त दबाव बना पाते हैं, तो देखते हैं क्या होता है। मैं बेहद उत्साहित हूं। हम पहले भी खेल चुके हैं। लड़के कल के लिए जोश से भरे हुए हैं। कल एक ही गेम में कड़ी टक्कर होगी। लड़के उत्साहित हैं।
