क्रिकेट

माइकल क्लार्क ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को दी बड़ी सलाह

माइकल क्लार्क ने भारत के खिलाफ नवंबर में शुरू होने जा रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को स्टीव स्मिथ को लेकर बड़ी सलाह दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

माइकल क्लार्क (साभार ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • माइकल क्लार्क ने कहा स्टीव स्मिथ से नहीं करानी चाहिए ओपनिंग
  • कैमरन ग्रीन हो सकते हैं डेविड वॉर्नर का अच्छा विकल्प
  • भारत के खिलाफ चाहिए एक स्पेशलिस्ट ओपनर

सिडनी: पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने ऑस्ट्रेलिया से भारत के खिलाफ अगले महीने से शुरू हो रही बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट श्रृंखला के दौरान खराब फॉर्म में चल रहे स्टीव स्मिथ की जगह विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज पर विचार करने की बात कही। इस अनुभवी बल्लेबाज को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करना पसंद है लेकिन डेविड वॉर्नर के संन्यास लेने के बाद वह पारी का आगाज कर रहे हैं। लेकिन स्मिथ शीर्ष बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा सफलता हासिल नहीं कर पाये हैं।

कैमरन ग्रीन हैं ओपनिंग के लिए अच्छा विकल्प

पूर्व सलामी बल्लेबाज वॉर्नर ने हाल में संन्यास से वापसी करने की इच्छा जताई और इसके कुछ दिन बाद ही क्लार्क ने यह टिप्पणी की। लंबे कद के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन पारी का आगाज करने के लिए एक और अच्छा विकल्प हैं। लेकिन पीठ की चोट के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ उनकी सेवायें नहीं ले पाएगी। क्लार्क ने ‘स्काई स्पोर्ट्स रेडियो’ से कहा,'हमने टेस्ट क्रिकेट में स्टीव स्मिथ को पारी का आगाज कराकर गलती की। हमें वही गलती नहीं दोहरानी चाहिए। हमें एक विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज चुनना चाहिए जो भी इसके लिए सबसे सही हो।'

इन खिलाड़ियों के नाम पर किया जा सकता है विचार

ऑस्ट्रेलिया के पास पारी का आगाज करने के लिए सैम कोंस्टास और मार्कस हैरिस को चुनने का विकल्प है। लेकिन खबरों के अनुसार चयनकर्ता जोश इंग्लिस और नाथन मैकस्वीनी के नाम पर विचार कर सकते हैं। हालांकि शेफील्ड शील्ड में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद इंग्लिस और मैकस्वीनी ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर बल्लेबाजी नहीं की है।

भारत के खिलाफ चाहिए स्पेशलिस्ट ओपनर

भारत के पास जिस तरह का गेंदबाजी आक्रमण है,उसे देखते हुए क्लार्क इन दोनों के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा,'इस भारतीय आक्रमण के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए जोश इंग्लिस एक विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज से बेहतर कैसे हो सकते हैं? उन्होंने शेफील्ड शील्ड में रन बनाये हैं लेकिन वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं। पर आप इस तरह से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का चयन नहीं करते हैं। इस समय ऑस्ट्रेलिया के सामने जो समस्या है कि शीर्ष तीन दावेदारी वाले विशेषज्ञ सलामी बल्लेबाज शील्ड क्रिकेट में रन नहीं बना रहे हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article