ढाका: ऑफ स्पिनर मेहदी हसन के पांच विकेट की बदौलत मेजबान बांग्लादेश ने मीरपुर में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को पहली पारी में 386 रन पर आउट कर अपनी कुल बढ़त 34 रन की कर ली। मेहदी ने 102 रन देकर पांच विकेट हासिल किए जिससे बारिश से प्रभावित तीसरे दिन पाकिस्तान की टीम 386 रन पर ऑल आउट हो गई और बांग्लादेश ने 27 रन की बढ़त हासिल की। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में बगैर कोई विकेट खोए सात रन बना लिए जिससे उसकी कुल बढ़त बढ़कर 34 रन हो गई। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल समय से पहले ही रोकना पड़ा।
अजान अवैस ने जड़ा डेब्यू मैच में शतक
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अजान अवैस (103 रन) ने अपने पदार्पण मैच में शतक जड़ा जबकि तीन अन्य बल्लेबाज अब्दुल्ला फजल (पदार्पण में), सलमान आगा और मोहम्मद रिजवान ने भी अर्धशतक बनाकर उनका बखूबी साथ दिया। लेकिन मेहदी ने यह सुनिश्चित किया कि बांग्लादेश बढ़त हासिल कर ले। शतक पूरा करने के बाद अवैस ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। तस्कीन अहमद ने उनकी पारी का अंत किया। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके जड़े।
मेहदी हसन ने 14वीं बार चटकाए पांच विकेट
पाकिस्तान ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत एक विकेट पर 179 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम बड़े स्कोर बनाने की ओर बढ़ती दिख रही थी। अजान ने 153 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके साथ वह अपने पदार्पण मैच में ही शतक जड़ने वाले पाकिस्तान के 15वें बल्लेबाज बन गए। मेहदी हसन ने करियर में 14वीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया। दिन का खेल खत्म होने पर महमुदुल हसन 2 और शादमन इस्लाम बगैर कोई रन बनाए पवेलियन वापस लौटे।
(भाषा इनपुट के साथ)
