क्रिकेट

मैं सदमे की स्थिति में था...MCG की पिच की चौतरफा आलोचना के बीच पिच क्यूरेटर मैथ्यू पेज ने रखा अपना पक्ष

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच की हो रही आलोचना के बीच क्यूरेटर मैथ्यू पेज ने अपना पक्ष रखा है और बताया है कि मैच के पहले दिन 20 विकेट गिरने के बाद वो सदमे की स्थिति में आ गए थे।

Image

ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, चौथा एशेज टेस्ट, पिच विवाद

Photo : AP

मेलबर्न: मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) के मुख्य क्यूरेटर मैथ्यू पेज ने स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) टेस्ट के पहले दिन 20 विकेट गिरने के बाद वह ‘सदमे की स्थिति में’ थे और नीरस ड्रॉ से बचने के लिए तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच तैयार की गई। इस मैच में शुरू से लेकर आखिर तक विकेटों की झड़ी लगी रही और मैच दो दिन में समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराया।

पहले दिन के खेल के बाद मैं सदमें में था

एशेज श्रृंखला के 2017 में खेले गए मैच के नीरस ड्रॉ के रूप में समाप्त होने बाद एमसीजी पिच में नई जान डालने के लिए नियुक्त क्यूरेटर पेज ने रविवार को स्वीकार किया कि पिच पर 10 मिमी घास छोड़ना जरूरत से ज्यादा साबित हुआ। इसके कारण केवल 142 ओवरों में 36 विकेट गिरे, जिसके चलते इस पिच ने खिलाड़ियों और अधिकारियों दोनों के कान खड़े कर दिए। पेज की रविवार को पत्रकारों से कहा,'पहले दिन के बाद मैं सदमे में था। हम निश्चित रूप से निराश हैं कि यह मैच केवल दो दिन तक चला। यह रोमांचक टेस्ट मैच था लेकिन यह लंबी अवधि तक नहीं चला। हम इससे सबक लेंगे और अगले साल बेहतर विकेट तैयार करने की पूरी कोशिश करेंगे। मैं पहले कभी इस तरह के टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं रहा और उम्मीद है कि भविष्य में मैं फिर से कभी इस तरह के टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं रहूंगा।'

2011 के बाद इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में जीता पहला टेस्ट

इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 2011 के बाद पहला टेस्ट मैच जीता लेकिन इसके बावजूद उसके कप्तान बेन स्टोक्स ने गेंदबाजों के लिए बेहद अनुकूल पिच की कड़ी आलोचना की थी। पेज ने कहा,'हम जानते हैं कि यह मैच हमारी योजना के अनुसार नहीं चला। हमें पूरे चार-पांच दिन तक बल्ले और गेंद के बीच संतुलन बने रहने की उम्मीद थी ताकि इस मैच का रोमांचक अंत हो सके।'

दोनों टीमों के बल्लेबाजों को करना पड़ा संघर्ष

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों टीमों के बल्लेबाजों को इस विकेट पर तेज गेंदबाजों के सामने जूझना पड़ा। पेज ने कहा कि तीसरे और चौथे दिन के गर्म मौसम के पूर्वानुमान के कारण पिच पर अतिरिक्त घास छोड़ी गई थी। उन्होंने कहा,'हमने ज्यादा लंबी घास इसलिए छोड़ी क्योंकि हम जानते थे कि अंत में मौसम गर्म होने वाला है, जिसके लिए हमें घास की जरूरत थी। जब आप पीछे मुड़कर देखते हैं तो आपको लगता है कि पहले और दूसरे दिन तो इससे गेंदबाजों को बहुत ज्यादा फायदा हुआ। अगर ऐसा नहीं होता तो तीसरे और चौथे दिन के लिए यह बहुत अच्छी स्थिति में होती।'

तीसरे दिन के बिच गए थे टिकट, बोर्ड का हुआ करोड़ों का नुकसान

तीसरे दिन के सभी टिकट बिक गए थे लेकिन श्रृंखला में दूसरी बार मैच दो दिन के अंदर समाप्त हो जाने के कारण क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को एक करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से अधिक का नुकसान होने की संभावना है। जहां कई पूर्व खिलाड़ियों ने पिच की आलोचना की, वहीं ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने पेज और उनकी टीम के प्रति सहानुभूति जताई। हेड ने कहा,'मुझे उनके लिए बहुत बुरा लग रहा है। यह बहुत मुश्किल काम है। हर कोई किसी को जीतते देखना चाहता है। हर कोई विकेट गिरते देखना चाहता है। कोई भी किसी खिलाड़ी को 300 रन बनाते हुए नहीं देखना चाहता। संतुलन होना जरूरी है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article