क्रिकेट

'स्पीड किंग' मयंक यादव पहली बार T20I में बने 'प्लेयर ऑफ द मैच', बताया कैसा महसूस हुआ

Mayank Yadav 'Player Of The Match': भारतीय क्रिकेट टीम के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव को अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार खास सफलता मिली है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वो प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। कैसा रहा उनका प्रदर्शन और अपने इस प्रदर्शन पर उन्होंने क्या कुछ कहा, आइए जानते हैं।

Image

मयंक यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज 2026
  • पहले टी20 में भारतीय टीम की शानदार जीत
  • मयंक यादव बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

भारतीय क्रिकेट टीम लंबे समय से अच्छे तेज गेंदबाजों की खोज में हैं जो जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) का काम हल्का कर सकें और भविष्य में टीम इंडिया के पेस अटैक में नई धार लेकर आएं। मयंक यादव (Mayank Yadav) आईपीएल में अपनी रफ्तार का जादू दिखा चुके हैं लेकिन चोटों ने उनके करियर में कई बार ब्रेक लगाया है। अब उन्होंने पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन करके दिखाया है जब जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया ने पहले टी20 मैच में शानदार जीत दर्ज की। मयंक को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। मैच में पहले बैटिंग करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने 125/7 के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने 13.2 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोते हुए शानदार जीत दर्ज कर ली, जिसमें युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाया और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक (19 गेंदों में 50 रन, 4 चौके, 4 छक्के) लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेले गए पहले टी20 मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड जीतने वाले मयंक यादव ने सिर्फ 18 रन देते हुए 2 विकेट झटके। अवॉर्ड जीतने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी पिच पर गेंदबाजी करने में मजा आया जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। मयंक ने कहा, "जब आप जीत में योगदान देते हैं तो हमेशा बहुत अच्छा लगता है। इसलिए यह मेरे लिए बहुत खास पल था।"

मयंक यादव के अलावा अन्य युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी बेहतरीन बॉलिंग की और 19 रन पर 2 विकेट लिए। प्रिंस ने मैच के बाद कहा कि मुश्किल हालात के बावजूद गेंदबाज अपनी योजना पर डटे रहे। उन्होंने कहा, "मैं अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं लेकिन इससे भी जरूरी बात यह है कि हमने मैच जीता। जब हमने अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की तो पिच से भी मदद मिली।"

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने माना कि उनकी टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने कहा कि सुबह की नमी का असर उम्मीद से कहीं अधिक था। उन्होंने कहा, "प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था। सुबह नमी का असर दिखा, लेकिन मुझे उम्मीद नहीं थी कि यह इतनी देर तक असर डालेगी। आखिरी आठ ओवरों में और जब भारत बल्लेबाज़ी करने उतरा तो विकेट बहुत अच्छा खेल रहा था।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article