क्रिकेट

IPL 2026 में धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं मयंक यादव, रिकवरी में काम आई जसप्रीत बुमराह की सलाह

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव ने बताया है कि जसप्रीत बुमराह की सलाह उनके लिए कैसे साबित हुई मददगार?

Image

मयंक यादव (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

लखनऊ: भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव ने कहा है कि पहले वह अपने शरीर पर ज्यादा ध्यान नहीं देते थे, लेकिन करियर को खतरे में डालने वाली चोट और सर्जरी के बाद उनकी सोच में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि चोट से उबरने के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ बातचीत ने उनकी वापसी में काफी मदद की।

वापसी के लिए तैयार हैं मयंक यादव

इस 23 वर्षीय खिलाड़ी को कई बार चोटिल होने के कारण खेल से दूर होना पड़ा है। आईपीएल 2024 के दौरान चोटिल होने से उन्हें बड़ा झटका लगा। इसके बाद वह चोट से लगातार परेशान होते रहे और आईपीएल 2025 सत्र के शुरुआती मैचों के बाद बाहर हो गए। अब वह बेंगलुरु स्थित ’सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई)’ में रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वापसी को तैयार हैं।

सर्जरी के बाद रखता हूं खुद का खयाल

मयंक ने जियोस्टार के 'आईपीएल टुडे लाइव' कार्यक्रम में कहा,'सर्जरी के बाद मेरे लिए सब कुछ बदल गया है। पहले मैं खुद का ख्याल नहीं रखता था। रिकवरी (चोट से उबरने की प्रक्रिया) सत्र से बचता था और कई चीजों को नजरअंदाज करता था। लेकिन अब मैं रिकवरी, पोषण और नींद पर काफी ध्यान देता हूं। जितना मैं अपने शरीर का सम्मान करता हूं, उतना ही मेरा शरीर मैदान पर मेरा साथ देता है।'

रिकवरी में काम आई जसप्रीत बुमराह की सलाह

रिहैबिलिटेशन के दौरान मयंक ने बताया कि एनसीए में उनकी मुलाकात जसप्रीत बुमराह से हुई, जिन्होंने भी इसी तरह की सर्जरी कराई थी। उन्होंने कहा,'जब मैं एनसीए में चोट से उबर रहा था, तब बुमराह भैया भी वहां थे। उनके साथ मेरा अच्छा तालमेल है। वह मेरे लिए एक शिक्षक जैसे हैं। उनकी स्थिति भी मेरी जैसी ही थी। बुमराह भैया ने सर्जरी के बाद वापसी करने और किन चीजों पर ध्यान देना चाहिए, इस बारे में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि रिकवरी के दौरान शरीर कैसा महसूस करेगा और इस समय का सामना कैसे करना है। हम जब भी फोन या संदेश पर बात करते हैं, वह अपनी सीख मेरे साथ साझा करते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article