क्रिकेट

IPL 2024: जल्दबाजी का लखनऊ को उठाना पड़ सकता है खामियाजा,टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है धाकड़ गेंदबाज

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले 21 साल के स्पीड स्टार मयंक यादव साइड स्ट्रेन की चोट दोबारा उबर जाने की वजह से आईपीएल के बाकी बचे मैचों से बाहर हो सकते हैं। जानिए क्या है उनकी चोट के बारे में खबर?

Image

मंयक यादव(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • मयंक यादव को मुंबई के खिलाफ लगी चोट
  • दोबारा उबरी साइड स्ट्रेन वाली चोट
  • फिट होने में लगेगा तीन से चार सप्ताह का वक्त

Mayank Yadav Injury: लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल में अपनी तेज रफ्तार गेंदों से कहर बरपाकर लगातार दो मैचों में जीत दिलाने वाले युवा पेसर मयंक यादव के लिए सीजन जल्दी खत्म हो सकता है। साइड स्ट्रेन की चोट मंगलवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान दोबारा उबर जाने की वजह से वो टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों के लिए बाहर हो सकते हैं।

चोट से उबरने में लगेंगे तीन से चार सप्ताह

पेट की मांसपेशियों में चोट के कारण तेज गेंदबाज मयंक यादव के इंडियन प्रीमियर लीग के राउंड रॉबिन चरण के बाकी बचे मैचों में खेलने की संभावना काफी कम है। मयंक पिछले चार सप्ताह में दूसरी बार चोटिल हुए हैं। पहली बार चोटिल होने के बाद उन्हें मैदान पर वापसी करने में तीन से चार सप्ताह का समय लगा। अगर इस बार भी ऐसा ही होता है तो वो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। लखनऊ को मैदान में उन्हें जल्दी वापस लाने का खामियाजा भुगतना पड़ेगा क्योंकि अपने इस स्टार गेंदबाज की सेवाएं उसे प्लेऑफ दौर में नहीं मिल पाएंगी। जिसकी दहलीज पर वो 12 अंक के साथ बैठी है।

मंयक को लगी है ग्रेड वन की चोट

बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को गोपनीयता की शर्त पर कहा,'मयंक को चोट लगी है लेकिन यह ग्रेड एक की चोट होने की अधिक संभावना है। इससे उबरने में बहुत अधिक समय नहीं लगेगा। एलएसजी अगर प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई करता है, तो वह नॉकआउट मैच खेलने के लिए फिट हो सकता है। फिलहाल उनका आईपीएल के बाकी (लीग चरण) मैचों में खेलना संदिग्ध है।'

मिल सकती है विश्व कप की टीम में बतौर रिजर्व प्लेयर जगह

मयंक ने आईपीएल के अपने शुरुआती मैचों में 155 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की और लगातार दो मैचों में मैन ऑफ द मैच रहे। वह अपने तीसरे मैच में चोटिल होने के बाद चार सप्ताह के लिए खेल से दूर हो गये। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद उन्होंने मंगलवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वापसी की, लेकिन 3.1 ओवर फेंकने के बाद उन्हें डगआउट में वापस जाना पड़ा। उन्होंने इस दौरान 31 रन दिये। मयंक अगर समय पर फिट होते तो टी20 विश्व कप में रिजर्व गेंदबाज के तौर पर उनका चयन हो सकता था लेकिन बीसीसीआई उनके मामले में अभी सावधानी बरत रहा है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article