Marnus Labuschagne Viral Post: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने भारत के करोड़ों फैंस के दिल को एक बार फिर से तोड़ दिया है। लाबुशेन ने सोमवार को वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल के लिए अपना बल्ला रिटायर कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस बड़े मैच में लाबुशेन ने 58 (110) रनों की शानदार पारी खेलकर महत्वपूर्ण अर्धशतक बनाया था। उन्होंने इस बैट का फोटो भी शेयर किया है जिससे लाखों फैंस के जख्म फिर उभर गए हैं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने महत्वपूर्ण समय पर बल्लेबाजी की थी। वे जब बैटिंग करने आए थे तो भारत शीर्ष पर था और ऑस्ट्रेलिया सात ओवर के बाद 47/3 पर था।हालांकि, लाबुशेन ने अपना धैर्य बनाए रखा और ट्रैविस हेड के साथ 215 गेंदों पर 192 रनों की मैच विजयी साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने में मदद की। नतीजतन, ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट से मैच जीत लिया और अपना छठा वनडे विश्व कप जीता।
