क्रिकेट

Ashes 2025: डेविड बून ने एशेज सीरीज के लिए चुनी प्लेइंग-11, धाकड़ बल्लेबाज को किया बाहर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेविड बून ने एशेज सीरीज के लिए अपनी टीम में मार्नस लाबुशेन को शामिल नहीं किया है। जानिए किन खिलाड़ियों को मिली है उनकी टीम में जगह?

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: मार्नस लाबुशेन ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। हाल में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से उन्हें बाहर रखा गया था। लाबुशेन एशेज सीरीज से टीम में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और चयनकर्ता डेविड बून ने कहा है कि एशेज के लिए उनकी पसंदीदा टीम में मार्नस लाबुशेन की जगह नहीं है। डेविड बून ने स्पोर्ट्स रेडियो नेटवर्क 'एसईएन' से बात करते हुए कहा,'पिछले छह महीनों में जिस तरह टीम का चयन किया गया है, उसमें बदलाव की उम्मीद नहीं है। मैं बतौर ओपनर उस्मान ख्वाजा को चुनूंगा और दूसरे ओपनर के रूप में चाहूंगा कि सैम कोंस्टास को मौका मिले। स्मिथ तीसरे, हेड चौथे, ग्रीन पांचवें, वेबस्टर छठे, कैरी सातवें, और फिर कमिंस, स्टार्क, हेजलवुड और लियोन बल्लेबाजी के लिए आएं।'

कौन बने उस्मान ख्वाजा का ओपनिंग पार्टरन

बून ने दूसरे ओपनर के रूप में उस खिलाड़ी का समर्थन किया, जो एशेज से पहले चार शील्ड मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने जेक वेदराल्ड, नाथन मैकस्वीनी और कैंपबेल कलावे को भी ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में भविष्य के दावेदार के रूप में चिह्नित किया। मार्नस लाबुशेन को खराब फॉर्म की वजह से ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम से ड्रॉप कर दिया गया है। वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में उनकी जगह कैमरून ग्रीन को जगह दी गई थी। हालांकि, वह भी सफल नहीं रहे थे।

एशेज के लिए वापसी करना चाहते हैं लाबुशेन

लाबुशेन ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वह एशेज सीरीज से टीम में वापसी करना चाहते हैं। लाबुशेन मूलत: मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, लेकिन मौका मिलने पर वह एशेज में ओपनर के रूप में भी खेलने को तैयार हैं। 31 साल के लाबुशेन ने 58 मैच की 104 पारियों में 11 शतक और 23 अर्धशतक की मदद से 4,435 रन बनाए हैं। एशेज 2025-26 की शुरुआत 21 नवंबर से हो रही है। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट 4 जनवरी को खेला जाएगा। टेस्ट मैच पर्थ, ब्रिस्बेन, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया एशेज सीरीज की मौजूदा चैंपियन है। 2021-22 में ऑस्ट्रेलिया विजयी रही थी। 2023 में इंग्लैंड में हुई सीरीज ड्रॉ रही थी।

एशेज सीरीज के लिए डेविड बून की चुनी ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11:

उस्मान ख्वाजा, सैम कोंसटास, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी(विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लॉयन, जोश हेजलवुड।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article