क्रिकेट

मार्नस लाबुशेन ने किया विंडीज के खिलाफ डबल धमाल, कायम किए कई रिकॉर्ड

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 1, 2022, 01:16 PM IST

Marnus Labuschagne Double Century: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने पर्थ टेस्ट में दोहरा शतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। लाबुशेन 204 रन की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे।

Image

मार्नस लाबुशेन(साभार AP)

पर्थ: ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बन चुके मार्नस लाबुशेन का धमाल वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन भी जारी रहा। लाबुशेन गुरुवार को अपने टेस्ट करियर का दूसरा दोहरा शतक जड़ने में सफल रहे। उन्होंने 350 गेंद में 204 रन की पारी खेली और ऑस्ट्रेलियाई टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

पर्थ टेस्ट के पहले दिन 154 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे लाबुशेन ने दूसरे दिन स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। टीम को 400 रन के स्कोर के पार पहुंचाने के बाद लाबुशेन ने 348 गेंद में 20 चौके और 1 छक्के की मदद से अपने करियर का दूसरा दोहरा शतक पूरा किया। इसके कुछ ही देर बाद वो ब्रेथवेट की गेंद पर विकेट के पीछे डिसिल्वा के हाथों लपके गए।

तीसरे विकेट के लिए लाबुशेन ने स्टीव स्मिथ के साथ 398 गेंद पर 251 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में लाबुशेन ने 128 और स्टीव स्मिथ ने 114 रन का योगदान दिया। जब लाबुशेन आउट हुए उस वक्त ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 402 रन था और उनके आउट होते ही अंपायर्स ने दूसरे दिन के लंच की घोषणा कर दी। स्टीव स्मिथ और लाबुशेन ने टेस्ट करियर में 23 बार साथ बल्लेबाजी की है और 8 बार दोनों शतकीय साझेदारी करने में सफल रहे हैं।

घरेलू सरजमीं पर लाबुशेन का बल्ला आग उगलता है। अबतक घर पर खेली 30 टेस्ट पारियों में लाबुशेन 2 दोहरे शतक, 5 शतक और 8 अर्धशतक जड़ चुके हैं। पर्थ में लाबुशेन का बल्ले का मिजाज और अधिक खरा हो जाता है। यहां केले 2 टेस्ट मैच की तीन पारियों में उन्होंने 132.33 के औसत से अबतक कुल 397 रन बनाए हैं। जिसमें 2 शतक और एक अर्धशतक शामिल है। यहां उनका सर्वाधिक स्कोर 204 रन है।

मार्नस लाबुशेन 29 टेस्ट मैच खेलने के बाद सबसे ज्यादा 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। लाबुशेन अबतक टेस्ट करियर में 21 पचास रन से ज्यादा की पारी खेल चुके हैं। उन्होंने इस मामले में स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ा। स्मिथ ने करियर के शुरुआती 29 टेस्ट मैच में 20 बार 50 रन के आंकड़े को पार किया था।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article