Manjot Kalra Fixing: भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाला एक युवा सितारा अब भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गया है। टीम इंडिया को साल 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने वाले मनजोत कालरा को श्रीलंका में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर लंका प्रीमियर लीग (LPL) में एक खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश का आरोप है। 27 साल के मनजोत कालरा मौजूदा समय में LPL की फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स के को-ऑनर हैं। श्रीलंका पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट, जो खेल से जुड़े अपराधों की जांच करती है, ने उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तारी LPL 2026 के छठे सीजन के उद्घाटन मैच से ठीक कुछ घंटे पहले की गई। पुलिस ने कालरा के साथ उनके सहयोगी युवराज पुष्पा को भी गिरफ्तार किया है।
कोर्ट ने 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा
कोर्ट में पेश किए जाने के बाद मजिस्ट्रेट ने दोनों को 31 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि कालरा ने LPL से जुड़े एक खिलाड़ी को पैसे का ऑफर दिया था। जिस खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश की गई, उसने करीब 10 दिन पहले ही इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी थी। इस मामले में श्रीलंका के इंटरनेशनल खिलाड़ी भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो, दुनिथ वेलालागे समेत दो अन्य प्लेयर्स ने शिकायत दर्ज कराई थी।
गिरफ्तारी के वक्त कोलंबो के SSC ग्राउंड में जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच LPL 2026 का पहला मैच शुरू होने वाला था। पांच टीमों का यह टूर्नामेंट 8 अगस्त तक चलेगा और इसमें कुल 24 मैच खेले जाएंगे। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा और टूर्नामेंट अपने तय शेड्यूल पर ही चलेगा। दिलचस्प बात ये है कि इसी साल LPL की एक और फ्रेंचाइजी के मालिक को भी रिश्वत के मामले में सजा मिल चुकी है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में लगाया शतक
मनजोत कालरा का नाम भारतीय क्रिकेट में काफी सम्मान से लिया जाता था। 2018 में न्यूजीलैंड में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 101 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी। भारत ने 217 रन का टारगेट 38.5 ओवर में चेज कर लिया था और चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। उस वक्त टीम के कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान पृथ्वी शॉ थे। टीम में शुभमन गिल, शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी जैसे खिलाड़ी भी थे। अंडर-19 में धमाल मचाने के बाद IPL 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने कालरा को खरीदा था, लेकिन उन्हें खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने दिल्ली के लिए फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट भी खेला।
