GOAT India Tour: मेसी ने जीता दिल्लीवालों का दिल, आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने सौंपा टी20 वर्ल्ड कप की टिकट और भारतीय जर्सी
- Edited by: SIddharth Sharma
- Updated Dec 15, 2025, 08:19 PM IST
Lionel Messi GOAT India Tour: लियोनेल मेस्सी के बहुप्रतीक्षित ‘जीओएटी इंडिया टूर’ की शुरुआत भले ही अव्यवस्थित ढंग से हुई हो लेकिन इसका समापन दिल्ली में शानदार तरीके से हुआ जहां प्रशंसक अपने चहेते खिलाड़ी की झलक पाकर खुशी से झूम उठे।प्रशंसकों ने उस शख्स का दीदार किया जो मैदान पर अक्सर ‘बेजोड़’ प्रदर्शन करता है।
लियोनल मेसी (फोटो- ICC)
Lionel Messi GOAT India Tour: लियोनेल मेस्सी के बहुप्रतीक्षित ‘जीओएटी (GOAT) इंडिया टूर’ का अंत देश की राजधानी दिल्ली में बेहद शानदार और यादगार तरीके से हुआ। कोलकाता में शनिवार को हुई अराजक और अव्यवस्थित शुरुआत के बाद, आयोजकों के लिए राहत की बात यह रही कि दिल्ली का कार्यक्रम वैसा ही संपन्न हुआ जैसा उन्होंने सोचा था। प्रशंसकों ने उस महान फुटबॉलर का दीदार किया जो मैदान पर अपनी बेजोड़ प्रतिभा के लिए जाना जाता है। अरुण जेटली स्टेडियम (कोटला) की दर्शक दीर्घा में उमड़ी हजारों की भीड़ और मैदान के भीतर मौजूद भारतीय हस्तियां दुनिया के सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में से एक की मेजबानी के उत्साह में सराबोर नजर आईं।
'ग्रासियस दिल्ली': मेसी के शब्दों ने जीता दिल
स्टेडियम में मौजूद हजारों प्रशंसकों को उस समय अपनी कानों पर यकीन नहीं हुआ जब मेस्सी ने स्पेनिश भाषा में संक्षिप्त संबोधन किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘‘ग्रासियस दिल्ली! हास्ता प्रोंतो’’ जिसका हिंदी अनुवाद है, ‘‘धन्यवाद दिल्ली, जल्द मिलते हैं’’। हालांकि शहर के अधिकांश लोग स्पेनिश भाषा को नहीं समझते, लेकिन मेस्सी के इन चंद शब्दों ने दर्शकों में एक ऐसी ललक और उत्साह पैदा कर दिया जो दिल्ली के खेल इतिहास में पहले शायद ही कभी देखा गया हो। प्रशंसक इस खिलाड़ी की अलौकिक प्रतिभा, विनम्रता और उस प्रभाव से अभिभूत थे, जो उन्होंने पिछले दो दशकों में फुटबॉल जगत को दिया है।
नीली और सफेद जर्सी से पटा स्टेडियम
अरुण जेटली स्टेडियम में लगभग 25,000 दर्शकों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिनमें से अधिकांश अर्जेंटीना की प्रसिद्ध नीली और सफेद 'नंबर 10' वाली जर्सी पहने हुए थे। पूरा स्टेडियम ‘मेस्सी मेस्सी’ के नारों से गूंज रहा था। मेस्सी ने स्टेडियम पहुंचने के बाद मैदान का एक चक्कर लगाया और सात-सात खिलाड़ियों के बीच चल रहे मैच को खत्म होते देखा। इस दौरान मेस्सी के साथ इंटर मियामी के उनके साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे। इन खिलाड़ियों को स्टैंड्स की ओर फुटबॉल को किक करते हुए देखा गया, जिसे पाकर प्रशंसक खुशी से झूम उठे। इस कार्यक्रम के दौरान मेस्सी ने मिनर्वा अकादमी फुटबॉल टीम का भी सम्मान किया।
भारतीय दिग्गजों से मुलाकात और सम्मान
करीब 30 मिनट तक चले इस भव्य कार्यक्रम के अंत में भारत की कई महत्वपूर्ण हस्तियों को मेस्सी से व्यक्तिगत रूप से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह, डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली और भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने मैदान पर मेस्सी का स्वागत किया और उनसे मुलाकात की। कोलकाता की तुलना में दिल्ली का कार्यक्रम काफी व्यवस्थित रहा, जहां मेस्सी राजनेताओं की भीड़ से घिरने के बजाय सीधे तौर पर अपने प्रशंसकों के साथ जुड़ते हुए नजर आए।
जय शाह ने सौंपी टी20 वर्ल्ड कप की टिकट
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने लियोनल मेसी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच का टिकट सौंपा और इसके लिए उन्हें आमंत्रित किया। उन्होंने 10 नंबर वाली टीम इंडिया की जर्सी भी मेसी को दी और उनका अभिवादन किया।
कोहरे के कारण उड़ान में हुई देरी
मेस्सी के दिल्ली दौरे पर मौसम का भी असर देखने को मिला। तीन दिवसीय भारत दौरे के आखिरी चरण के लिए मेस्सी को मुंबई से दिल्ली सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर पहुंचना था, लेकिन मुंबई और दिल्ली के खराब मौसम और घने कोहरे के कारण उनकी चार्टर्ड उड़ान में काफी विलंब हुआ। वह दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहां से वह सीधे लीला पैलेस होटल गए, जहां उन्होंने कुछ चुनिंदा लोगों और प्रशंसकों के साथ मुलाकात की। तमाम देरी के बावजूद, स्टेडियम में उनके स्वागत के लिए खड़े प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने अपने चहेते खिलाड़ी को विदाई दी।