पटना के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों जश्न का माहौल है मौका है बेटी शिवांगी की शादी का, 25 नवंबर को होने वाली इस शाही शादी की तैयारियां जोरों पर है। शादी से पहले आज हल्दी की रस्म अदा की गई जहां मेहमानों का हुजूम उमड़ा आम से लेकर खास तक, हर कोई इस जश्न का हिस्सा बनने पहुंचा। मेहमानों में कई VIP चेहरे भी शामिल रहे, जिनकी अगवानी की जिम्मेदारी अनंत सिंह के तीनों बेटों ने संभाली।
घर में खुशियों की शहनाई बज रही है हालांकि अकवान तूफान के चलते हुई बारिश ने तैयारियों की रफ्तार जरूर धीमी कर दी थी लेकिन मौसम साफ होते ही परिवार ने राहत की सांस ली,खुद अनंत सिंह भी शादी की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे और अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में बताया कि बेटी की शादी में क्या-क्या खास होने वाला है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: बारिश के कारण गड़बड़ा गई अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारी?
अनंत सिंह का दावा है कि बेटी शिवांगी की शादी में पांच से छह लाख लोग शामिल होंगे यानी मेहमानों की तादाद ऐसी कि तैयारियां भी उसी स्तर की हो रही हैं खान-पान का इंतजाम अभी से शुरू हो चुका है मिठाइयों की तैयारी के लिए हजारों लीटर दूध बरौनी स्थित सुधा प्लांट से मंगाया गया है। दूध की सप्लाई के लिए मिल्क वैन तक लगाई गई हैं, जाहिर है, मेहमानों की खातिरदारी में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही।
लेकिन इस शाही शादी का आकर्षण सिर्फ दावत और मेहमाननवाजी तक सीमित नहीं है यहां रोमांच का भी पूरा इंतजाम है शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें हिस्सा लेने के लिए देश-विदेश से करीब 150 घोड़े पहुंच रहे हैं और इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रहा है इसका इनाम जीतने वाले घुड़सवार को थार गाड़ी दी जाएगी।
जश्न का हिस्सा बनने के लिए हर खास और आम उत्सुक
अनंत सिंह की बेटी की शादी अब सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है अनंत सिंह का सियासी रसूख और उनका दबदबा ऐसा है कि इस जश्न का हिस्सा बनने के लिए हर खास और आम उत्सुक नजर आ रहा है। परिवार के सदस्य भी इस शादी को लेकर खासे उत्साहित हैं हमने अनंत सिंह के बेटे और दामाद से भी बात की और जाना कि घर की इस बड़ी खुशी को लेकर उनकी क्या तैयारियां हैं…
अनंत सिंह के घर बेटी की शादी का जश्न अब अपने पूरे शबाब पर
बाहुबली अनंत सिंह के घर बेटी की शादी का जश्न अब अपने पूरे शबाब पर है, हल्दी की रस्म के साथ शादी की खुशियों का एक पड़ाव पूरा हो चुका है। अब इंतजार है मेहंदी की रस्म और फिर उस खास दिन का, जब शिवांगी दुल्हन बनकर नए सफर की शुरुआत करेंगी, बिहार की इस भव्य शादी पर हर किसी की नजर है।
