क्रिकेट

संकट में टीम इंडियाः रोहित के बाद केएल राहुल भी चोटिल, जानिए कौन बन सकते हैं कप्तान और ओपनर

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 21, 2022, 04:18 PM IST

KL Rahul injured, IND vs BAN 2nd Test: टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच मीरपुर में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के लिए एक और बुरी खबर आई है। कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद अब खबर है कि उपकप्तान व पहले टेस्ट में कप्तान की भूमिका निभाने वाले केएल राहुल भी चोटिल हो गए हैं।

Image

केएल राहुल हुए चोटिल (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-बांग्लादेश दूसरा टेस्ट - मीरपुर
  • रोहित शर्मा के बाद अब केएल राहुल भी चोटिलः रिपोर्ट
  • राहुल नहीं खेले तो कौन होगा टीम का कप्तान व ओपनर?

India vs Bangladesh 2nd test: भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज के दूसरे व अंतिम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को एक और झटका लगने की खबर है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक मीरपुर में गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान केएल राहुल (KL Rahul) चोटिल हो गए हैं।

टीम इंडिया के नियमित कप्तान रोहित शर्मा पहले ही चोटिल होने की वजह से दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो चुके हैं। अब उनकी जगह कप्तानी कर रहे टीम के उपकप्तान केएल राहुल भी चोटिल हो गए हैं। एक ताजा रिपोर्ट की मानें तो जब केएल राहुल मीरपुर में थ्रो-डाउन लेते हहुए बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे थे, तब उनके हाथ पर गेंद लगने से वे चोटिल हो गए हैं।

हालांकि टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कुछ राहत जरूर दी है। उन्होंने कहा, "उनकी चोट गंभीर नहीं लग रही है। वो ठीक लग रहे हैं। उम्मीद है कि वो ठीक हो जाएंगे। डॉक्टर्स ने अपनी नजरें उन पर बनाए रखी हैं, लेकिन पूरी उम्मीद है कि वो फिट हो जाएंगे।"

कौन होगा कप्तान?

नियमित कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के बाद अब केएल राहुल का भी चोटिल होना टीम के लिए मुश्किल का सबब बनता दिख रहा है। ऐसे में सवाल ये है कि अगर केएल राहुल दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहे तो कौन टीम की कप्तानी करेगा? ऐसे में पूरी उम्मीद है कि केएल राहुल के साथ पहले टेस्ट में उपकप्तानी कर रहे चेतेश्वर पुजारा टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।

कौन होगा ओपनर?

वहीं, अगर बात की जाए ओपनिंग की, तो केएल राहुल अगर गैरमौजूद रहे तो उनका स्थान अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Easwaran) को सौंपा जा सकता है। ईश्वरन को हाल ही में टीम इंडिया से जोड़ा गया था जब रोहित शर्मा चोटिल हुए थे। विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के लिए टीम में जगह के रूप में उनको तोहफा मिला था। अब अगर राहुल मैदान पर नहीं उतरे तो ईश्वरन को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article