क्रिकेट

इंडिया-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दूसरे चार दिवसीय मैच में केएल राहुल पर रहेंगी नजरें, ऐसी हैं दोनों टीमें

IND-A vs ENG Lions 2nd Four Day Test: इंडिया-ए और इंग्लैंड लायंस के बीच शुरू होने जा रहे दूसरे चार दिवसीय टेस्ट मैच में कई खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी, लेकिन खासतौर पर केएल राहुल पर फोकस रहेगा। कैसी हैं दोनों टीमें और कितने बजे शुरू होगा मैच, सब कुछ यहां जानिए।

Image

केएल राहुल

Photo : PTI

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से पहले केएल राहुल की नजरें लाल गेंद के प्रारूप में अभ्यास पर होंगी जब भारत ए टीम शुक्रवार से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरा और आखिरी अनधिकृत टेस्ट खेलने उतरेगी। भारत के अधिकांश हिस्सों में मानसून होने के कारण राहुल ने टेस्ट टीम से पहले अभ्यास के लिये ब्रिटेन पहुंचने का फैसला किया । पहला टेस्ट 20 जून से शुरू होगा । शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम शुक्रवार को मुंबई से रवाना होगी।

इंग्लैंड में दो शतक लगा चुके राहुल भारतीय टेस्ट टीम के सबसे सीनियर सदस्य हैं । विराट कोहली और रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट से विदा ले चुके हैं।राहुल ने 58 टेस्ट में 33 . 57 की औसत से रन बनाये हैं लेकिन उन्हें अधिकांश सफलता शीर्षक्रम में मिला है । अब देखना है कि वह इसी क्रम पर उतरते हैं या इसमें बदलाव किया जाता है।

गिल और साइ सुदर्शन को भी दूसरा चार दिवसीय मैच खेलना था लेकिन आईपीएल के कारण नहीं खेल सके । दोनों को लीड्स पर होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व सिर्फ टीम के भीतर अभ्यास मैच खेलने का मौका मिल सकेगा। टेस्ट टीम के सदस्यों में से छह ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहला मैच खेला जो ड्रॉ रहा।

तेज गेंदबाज आकाश दीप दूसरे मैच में खेलेंगे । यशस्वी जायसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन और करूण नायर ने पहले मैच में रन बनाये थे । ऐसी संभावना है कि रूतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन को इस मैच में मौका दिया जाये। तेज गेंदबाज हरफनमौला के लिये शार्दुल ठाकुर और नीतिश रेड्डी में से एक का चयन होगा । दोनों ने कैंटरबरी में पहला मैच खेला लेकिन ठाकुर ने रेड्डी से ज्यादा गेंदबाजी की । फिटनेस कारणों से रेड्डी आईपीएल में भी ज्यादा नहीं खेल सके थे।

अगर एक बार फिर सपाट पिच मिलती है तो राहुल एंड कंपनी के लिये तैयारियों के लिहाज से यह अच्छा नहीं होगा। इंग्लैंड लायंस के लिये तेज गेंदबाज जोश टंग और क्रिस वोक्स प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे ताकि पहले टेस्ट के लिये टीम में जगह बना सकें । मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर का चोट के कारण भारत के खिलाफ खेलना संदिग्ध है । गुस एटकिंसन भी पहले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं।

टीमें इस प्रकार हैं

भारत ए: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, करूण नायर, ध्रुव जुरेल, नीतिश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, ईशान किशन, मानव सुतार, तनुष कोटियान, मुकेश कुमार, आकाश दीप, हर्षित राणा, अंशुल कम्बोज, खलील अहमद, रूतुराज गायकवाड़, सरफराज खान, तुषार देशपांडे , हर्ष दुबे।

इंग्लैंड लायंस: जेम्स रियू (कप्तान), फरहान अहमद,जोर्डन कॉक्स, रिकी फ्लिंटॉफ, एमिलियो गे, टॉम हैंस, जॉर्ज हिल, मैक्स होल्डन, बेन मैकिनी, एडी जैक, अजीत सिंह डेल, जोश टंग, क्रिस वोक्स।

मैच का समय: दोपहर 3 . 30 से।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article