भारत की पूर्व स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा (Sania Mirza) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस भारतीय टेनिस दिग्गज की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से खराब परिस्थितियों से गुजरी है। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) से उनका तलाक हो गया और इसकी वजह बनी थीं सना जावेद (Sana Javed) जिनसे मलिक अब निकाह भी कर चुके हैं। सानिया मिर्जा अब अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी हैं और अपने बच्चों पर ध्यान देती हैं। इसी बीच वो कॉमेडी स्टार कपिल शर्मा के कार्यक्रम 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में गेस्ट के रूप में पहुंची, जहां उन्होंने कुछ ऐसा कहा जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, कपिल शर्मा के कॉमेडी कार्यक्रम के दौरान एक एक्ट हो रहा था जिसमें कपिल सास की भूमिका निभा रहे थे और सानिया मिर्जा बहू का किरदार निभा रही थीं। तभी कुछ ऐसा होता है कि सानिया मिर्जा कहती हैं, "ये किन जाहिलों में मैंने शादी कर ली है।" इसके बाद सानिया कपिल को चाय देती हैं (जो सास की भूमिका निभा रहे थे)। इस पर कपिल कहते हैं कि 'ये चाय है या जहर', जवाब में सानिया कहती हैं, "मैंने तो चाय ही बनाई थी, आपके मुंह को लगकर जहर हो गई होगी।"
वीडियो देखकर लोगों ने किए ऐसे-ऐसे कमेंट
सानिया मिर्जा का ये वीडियो जैसे ही वायरल हुआ वैसे ही लोगों ने इसे पाकिस्तान में मौजूद शोएब मलिक के परिवार और सानिया मिर्जा के पिछले रिश्ते से जोड़ना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने कहा कि सानिया मिर्जा ये एक्टिंग करते समय शोएब मलिक की मां के बारे में सोच रही होंगी और बयान खुद निकलना शुरू हो गए। एक ने मजाक में लिखा कि ये किन जाहिलों में मैंने शादी कर ले वाला बयान उनकी निजी बयान था। कुछ लोगों ने लिखा कि पाकिस्तान में मौजूद अपने पुराने ससुराल वालों को ये सानिया का संदेश था।
