क्रिकेट

SA vs ZIM: चोट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हुए केशव महाराज, मुल्डर को मिली द.अफ्रीका की कप्तानी

SA vs ZIM 2nd Test: जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले द.अफ्रीका की टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल टीम के कार्यवाहक कप्तान केशव महाराज चोट के चलते बाहर हो गए हैं। उनकी जगह वियान मुल्डर को टीम की कमान सौंपी गई है।

Image

केशव महाराज (फोटो- ICC)

SA vs ZIM 2nd Test: दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान केशव महाराज को चोट के कारण जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर होना पड़ा है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। महाराज को यह चोट पहले टेस्ट मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय लगी थी, जिसके बाद अब वह सीरीज का दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने बताया, "कार्यवाहक कप्तान केशव महाराज को जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाजी करते समय चोट लग गई थी। चोट की गंभीरता की जांच करने के लिए वह स्वदेश लौटेंगे। इस वजह से दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।"

बोर्ड ने बताया कि महाराज की जगह सेनुरन मुथुसामी की टीम में शामिल किया गया है। वहीं दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की कमान ऑलराउंडर वियान मुल्डर संभालेंगे। युवा गेंदबाजों को मौका देने के लिए लुंगी एनगिडी को भी टीम से बाहर कर दिया गया है।नियमित कप्तान टेंबा बावुमा की चोट की वजह से केशव महाराज को जिम्बाब्वे के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए कप्तानी सौंपी गई थी।

पहला टेस्ट रहा खास

केशव महाराज के लिए बुलावायो में खेला गया पहला टेस्ट बतौर कप्तान और खिलाड़ी यादगार रहा। दक्षिण अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट की अबतक की सबसे बड़ी जीत (328 रन) दर्ज की। वहीं केशव महाराज ने टेस्ट में अपने 200 विकेट पूरे किए। टेस्ट में 200 विकेट लेने वाले वह दक्षिण अफ्रीका के पहले स्पिनर बने।

द.अफ्रीका ने आसानी से जीता मैच

बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स पार्क में 28 जून से 1 जुलाई के बीच खेला गया था। यह टेस्ट चौथे दिन दूसरे सत्र में समाप्त हुआ था। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका ने 418 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे अपनी पहली पारी में 251 पर सिमट गई। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका ने 369 रन बनाए और पहली पारी में मिले 167 रन की बढ़त की आधार पर जिम्बाब्वे को जीत के लिए 537 रन का लक्ष्य दिया। जिम्बाब्वे दूसरी पारी में 208 रन पर सिमट गई और 328 रन से मैच हार गई।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article