क्रिकेट

रणजी ट्रॉफी के लिए केरल की टीम का हुआ ऐलान, संजू सैमसन को मिली जगह ये खिलाड़ी बना कप्तान

केरल क्रिकेट बोर्ड ने आगामी रणजी सीजन के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है संजू सैमसन को टीम में जगह मिली है लेकिन इस खिलाड़ी के हाथ में टीम की कमान सौंपी गई है।

Image

मोहम्मद अजहरुद्दीन (फोटो क्रेडिट Azhar_Junior _14 Instagram)

कोच्चि: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन 15 अक्टूबर से तिरुवनंतपुरम में खेले जाने वाले महाराष्ट्र के खिलाफ 2025-26 सत्र के पहले मैच में केरल की टीम में वापसी करेंगे। सैमसन के लिए मौजूदा सत्र में यह लाल गेंद प्रारूप का पहला मैच होगा। वह दलीप ट्रॉफी या ईरानी कप का हिस्सा नहीं थे। इस 30 साल के खिलाड़ी ने प्रथम श्रेणी में अपना पिछला मैच बीते साल अक्टूबर में कर्नाटक के खिलाफ खेला था। मोहम्मद अजहरुद्दीन को केरल का कप्तान बनाया गया है।

हाल ही में दलीप ट्रॉफी में दक्षिण क्षेत्र का नेतृत्व करने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने सचिन बेबी की जगह ली है। सचिन बेबी की कप्तानी में टीम पिछले साल रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी। केसीए के एक सूत्र ने ‘पीटीआई’ को बताया,'हमने भविष्य को ध्यान में रखते हुए अजहरुद्दीन को कप्तान नियुक्त किया है क्योंकि संजू टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। हम नेतृत्व की भूमिका में निरंतरता की उम्मीद कर रहे थे।'

भारत 29 अक्टूबर से आठ नवंबर के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैच खेलेगा। यह मुकाबले रणजी ट्रॉफी के दूसरे, तीसरे और चौथे दौर के मैचों के साथ होंगे।केरल को एलीट ग्रुप बी में कर्नाटक, पंजाब, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ और गोवा के साथ रखा गया है।

केरल की टीम : मोहम्मद अजहरुद्दीन (कप्तान), बाबा अपराजित (उप-कप्तान), संजू सैमसन, सचिन बेबी, रोहन एस कुन्नूमल, वत्सल गोविंद, अक्षय चंद्रन, सलमान निजार, अंकित शर्मा, एमडी निधिश, बेसिल एनपी, एडेन एप्पल टॉम, अहमद इमरान, शॉन रोजर, अभिषेक पी नायर।

मुख्य कोच: अमय खुरासिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article