क्रिकेट

IPL 2023 में मुंबई इंडियन्स की जर्सी पहनकर खेलने के लिए बेताब है ये खिलाड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 12, 2023, 01:28 PM IST

18 महीने तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आगामी आईपीएल में मुंबई इंडियन्स की जर्सी पहनकर खेलने के लिए बेताब हैं।

Image

जोफ्रा आर्चर

Photo : AP

लंदन: चोट से उबरकर लंबे अंतराल के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर दो साल बाद आईपीएल में वापसी करने को तैयार हैं। दो साल के अंतराल में आईपीएल में उनकी टीम भी बदल गई है। मुंबई इंडियन्स ने उन्हें पिछले साल हुए मेगा ऑक्शन में अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया था। ऐसे में अब वो आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम की जर्सी पहनकर खेलने के लिए बेताब हैं।

लगातार मैच नहीं खिलाए जाने पर नहीं पूछूंगा सवाल

आर्चर ने आईपीएल को लेकर दिए अपने बयान में कहा है कि वो आगामी सीजन में मुंबई इंडियन्स के लिए बगैर किसी प्रतिबंध के खेलना पसंद करेंगे। आर्चर ने ये भी कहा कि वो इस बात को अच्छी तरह समझते हैं कि उन्हें लगातार मैच खेलने को नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा, अगर मुझसे कहा गया कि मैं नहीं खेल रहा हूं तो मैं इस बारे में कोई सवाल नहीं पूछूंगा। लगातार ऐसा होगा तो भी मैं इसपर गौर नहीं करूंगा क्योंकि मुझे पहले से पता है कि उनका जवाब क्या होगा।

दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग से की क्रिकेट में वापसी

18 महीने क्रिकेट से दूर रहने के बाद 27 वर्षीय आर्चर ने दक्षिण अफ्रीका टी20 लीग के जरिए वापसी की। जसप्रीत बुमराह और ऑस्ट्रेलियाई के झाय रिचर्ड्सन के चोट की वजह से पूरे सीजन के लिए बाहर होने के बाद टीम मैनेजमेंट की नजरें अब जोफ्रा आर्चर के ऊपर टिक गई हैं।

आईपीएल के दौरान आर्चर के वर्कलोड पर रखी जाएगी नजर

इंग्लैंड के धाकड़ तेज गेंदबाज ने बताया है कि उन्हें मुंबई इंडियन्स ने एक मेल भेजा है जिसे इंग्लैंड के मेडिकल स्टाफ को भेज दिया गया है। मेल इस बारे में है कि आईपीएल के दौरान उनके वर्कलोड पर बारीकी से नजर रखी जाएगी। क्योंकि आईपीएल के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैच की एशेज सीरीज के लिए तैयार रखना है। ऐसे में आर्चर ने कहा, अगर मैं आगामी सीजन में एक भी मैच खेल पाऊं तो वो अच्छा होगा। एक से ज्यादा मैच खेलने पर मुझे खुशी होगी क्योंकि वो मेरे लिए बोनस की तरह होगा। मैंने अबतक एक भी एशेज सीरीज नहीं गंवाई है। आशा करता हूं कि हम उस राह पर चलते रहेंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article