क्रिकेट

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में जो रूट ने तोड़ा स्टीव स्मिथ और सचिन का रिकॉर्ड

इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अब वह इस फॉर्मेट के सबसे सफल फील्डर बन गए हैं। रूट ने बल्लेबाजी के दौरान अर्धशतक भी जड़ा था।

Image

जो रूट (साभार-X)

पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा कैच लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रूट ने हेडिंग्ले टेस्ट के तीसरे दिन पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अजान अवैश का कैच पकड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। अवैश, जोफ्रा आर्चर की गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हुए। यह टेस्ट क्रिकेट में रूट का 219वां कैच था और अब वह स्टीव स्मिथ के 218 कैच से आगे निकल गए हैं।

सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी

इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इस लिस्ट में 210 कैच के साथ राहुल द्रविड़ तीसरे नंबर पर हैं। चौथे नंबर पर श्रीलंका के महेला जयवर्धने और 5वें नंबर पर जैक कैलिस हैं। जयवर्धने के नाम 205 और कैलिस के नाम 200 कैच हैं।

सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी की

इतना ही नहीं, पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 112 गेंद में 66 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली। यह उनके टेस्ट करियर का 68वां अर्धशतक था। 66 अर्धशतक के साथ शिवनारायण चंद्रपॉल तीसरे पोजीशन पर हैं। एलन बॉर्डर और राहुल द्रविड़ 63-63 अर्धशतकों के साथ क्रमश: चौथे और 5वें पोजीशन पर हैं।

इतना ही नहीं रूट ने कप्तान के तौर पर सर्वाधिक फिफ्टी प्लस का स्कोर करने के मामले में 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ 61 फिफ्टी प्लस के साथ इस सूची में सबसे ऊपर हैं, उनके बाद रिकी पोंटिंग (54), बॉर्डर (51) और पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक (43) का नाम है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article