क्रिकेट

रिकॉर्डतोड़ पारी खेलने के बाद पहली बार सामने आई जो रूट की प्रतिक्रिया

IND vs ENG: जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। अब उनके आगे केवल सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड है जो आने वाले वक्त में इस बल्लेबाज के निशाने पर होगा। रूट ने तीसरे दिन रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया था।

Image

जो रूट और रिकी पोंटिंग (साभार-ICC)

IND vs ENG: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन 150 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान टेस्ट में सर्वाधिक रनों के मामले में रूट ने द्रविड़, कैलिस और पोटिंग को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। रूट से आगे अब सचिन तेंदुलकर हैं। टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सफल बल्लेबाज बनने के बाद रूट ने स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए कहा, "मैं बचपन में रिकी पोंटिंग, कुमार संगकारा और ब्रायन लारा जैसा बनना चाहता था। ऐसे में अब इन दिग्गजों के साथ अपना नाम देख निश्चित ही अच्छा लग रहा है। यह मेरे लिए थोड़ा हैरान करने वाला है। मैंने अपनी उपलब्धियों के बारे में ज्यादा नहीं सोचा। मेरा ध्यान इंग्लैंड को मैच जिताने पर रहा है।"

जो रूट से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। क्या रूट सचिन के सर्वाधिक टेस्ट रनों का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? इस पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथरटन ने कहा, "रूट का औसत लगभग 85 रन प्रति टेस्ट मैच है, इसलिए उन्हें सचिन तक पहुंचने के लिए लगभग 30 टेस्ट मैच खेलने होंगे। फिलहाल वह श्रेष्ठ फॉर्म में हैं और खेल के प्रति उनके प्यार और इच्छा में कोई कमी नहीं आई है। अगर फिटनेस बनी रही तो वह सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।"

2012 में भारत के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज करने वाले 34 साल के रूट ने अब तक 157 टेस्ट मैचों की 286 पारियों में 38 शतक और 66 अर्धशतक लगाते हुए 13,409 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 262 रन है। वह छह दोहरे अर्धशतक लगा चुके हैं। रूट सर्वाधिक रन के साथ ही तेंदुलकर के सर्वाधिक टेस्ट शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। रूट से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। 200 टेस्ट मैचों की 329 पारियों में 51 शतक और 68 अर्धशतक लगाते हुए सचिन ने 15,921 रन बनाए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article