क्रिकेट

Ashes 2025: क्या एशेज में इस बार खत्म होगा जो रूट का शतक का सूखा? खुद किया बड़ा दावा

Ashes 2025: इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट का कहना है कि वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने के लिए पहले से कहीं बेहतर स्थिति में हैं। रूट मानसिक रूप से थका देने वाली एशेज सीरीज की तैयारी कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत 21 नवंबर से होगी।

Image

जो रूट (फोटो- ICC)

Ashes 2025: इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने आगामी एशेज सीरीज से पहले बड़ा बयान दिया है। मानसिक रूप से थका देने वाली इस सीरीज की तैयारी करते हुए रूट का कहना है कि वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने के लिए पहले से कहीं बेहतर स्थिति में हैं। एशेज सीरीज की शुरुआत 21 नवंबर से होगी।

कप्तानी का बोझ नहीं, अनुभव का साथ

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट के लिए यह ऑस्ट्रेलिया में चौथी एशेज सीरीज होगी। रूट ने स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया में शतक न बना पाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठेंगे, लेकिन उनका पूरा ध्यान इंग्लैंड को एशेज ट्रॉफी वापस दिलाने पर केंद्रित है।

'स्काई स्पोर्ट्स' से बात करते हुए रूट ने कहा, "मुझे लगता है कि अब मैं अलग स्थिति में हूं। मुझे कप्तानी की जिम्मेदारी नहीं मिली है। अब मैं काफी अनुभवी हूं। मेरे करियर के पिछले कुछ साल अच्छे रहे हैं। मैंने एक बल्लेबाज और सीनियर खिलाड़ी के रूप में अपने पिछले दौरों से सबक लिए हैं।"ऑस्ट्रेलिया में रूट का सर्वोच्च स्कोर 89 रन है, जो उन्होंने 2021-22 सीरीज के दौरान ब्रिस्बेन में बनाया था।

व्यक्तिगत उपलब्धि से ज्यादा टीम की सफलता महत्वपूर्ण

रूट ने कहा, "मुझे यकीन है कि ऑस्ट्रेलिया में अभी तक शतक न लगाने को लेकर बहुत चर्चा होगी, लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं। बड़ी सीरीज वे होती हैं, जिनमें आप खेलना और योगदान देना चाहते हैं। आप उन खिलाड़ियों के साथ यादें बनाना चाहते हैं, जिन्हें आप जीवन भर साझा कर सकें। मुझे लगता है कि हमारे सामने यही वह अवसर है, जिसे हमें भुनाना होगा।"

रूट के अनुसार, टीम की सफलता के लिए व्यक्तिगत उपलब्धियां पीछे छूट जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया, "अगर मैं टीम में अपनी भूमिका निभा रहा हूं, तो तारीफ जरूर मिलेगी, लेकिन यह मेरा मुख्य लक्ष्य नहीं है।"

बेन स्टोक्स की फिटनेस पर भरोसा

इसी बातचीत में रूट ने टीम के कप्तान बेन स्टोक्स की भी सराहना की, जो कंधे की चोट से उबर रहे हैं। रूट ने स्टोक्स की प्रतिबद्धता पर भरोसा जताते हुए कहा, "स्टोक्स फिट नज़र आ रहे हैं। आप जानते हैं कि वह कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शारीरिक और मानसिक रूप से उनसे जो भी अपेक्षा की जाती है, उसके लिए वह पूरी तरह तैयार होने की कोशिश करेंगे।"

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article