नई दिल्ली: भारत की टी0 विश्व कप जीत के बाद मिले ब्रेक के बाद 16 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए जसप्रीत बुमराह की वापसी की उम्मीद है लेकिन सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दो टेस्ट मैच के लिए इस तेज गेंदबाज को आराम दिया जा सकता है। यह समझा जाता है कि भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ता तेज गेंदबाजी आक्रमण में और अधिक विविधता लाना चाहते हैं। इसलिए टेस्ट ‘कैप’ हासिल करने के लिए तेज गेंदबाजों की सूची में बायें हाथ के सीम और स्विंग गेंदबाजों को शामिल किया जा सकता है।
अर्शदीप और खलील के बीच होगी भिड़ंत
अनुभव के मामले में चयनकर्ताओं के पास अर्शदीप सिंह और खलील अहमद के रूप में दो विकल्प हैं। अर्शदीप टी20 प्रारूप में नियमित रूप से खेलते हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, 'बुमराह अपने शरीर को अच्छी तरह से जानते हैं और यह उन पर निर्भर करेगा कि वह बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में खेलना चाहते है या नहीं। टीम प्रबंधन और चयनकर्ता इस बात को लेकर बहुत स्पष्ट हैं कि भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी पांच टेस्ट मैच के लिए शत प्रतिशत फिट जसप्रीत बुमराह की जरूरत है। पर इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम भारत आयेगी जिसमें शायद वह खेलेगा और कठिन चुनौती के लिए तैयार होगा।'
अर्शदीप को दिलाया गया था काउंटी का अनुभव
अर्शदीप को लाल गेंद के क्रिकेट में खिलाने की योजना राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में भी थी इसलिये उन्हें पिछले साल कुछ काउंटी मैच खेलने के लिए केंट भेजा गया था। खलील बेहतर गेंदबाज है लेकिन उनकी गेंदबाजी काफी अनियमित रहती है। बायें हाथ के तेज गेंदबाज के लिए दूसरा विकल्प यश दयाल हैं लेकिन वह इस दौड़ में खलील और अर्शदीप से पीछे हैं।
