क्रिकेट

वो भी इंसान हैं...ग्लेन फिलिप्स ने फाइनल से पहले बुमराह को लेकर कह दी बड़ी बात

न्यूजीलैंड के फॉर्म में चल रहे धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स ने टीम इंडिया के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले से 48 घंटे पहले कहा है कि जसप्रीत बुमराह भी इंसान हैं और उनका भी कोई दिन बुरा हो सकता है। जानिए उन्होंने और क्या कहा?

Image

जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन

Photo : AP

अहमदाबाद: न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स ने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजी के अगुआ जसप्रीत बुमराह एक विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं लेकिन उनका भी दिन खराब हो सकता और उनकी टीम रविवार को टी20 विश्व कप फाइनल में इसी उम्मीद के साथ खेलेगी। बुमराह भारत के स्टार रहे हैं, उन्होंने पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी बेहतरीन रही।

बुमराह का दिन भी हो सकता है खराब

फिलिप्स को टी20 विश्व कप से पहले द्विपक्षीय सीरीज में भारतीय दिग्गज के खिलाफ कुछ हद तक सफलता मिली थी। हालांकि उनका मानना है कि गलती करना इंसान का स्वभाव है और बुमराह भी इससे अलग नहीं होंगे। फिलिप्स ने मेजबान टीम के लिए चेतावनी देते हुए और बुमराह की तारीफ करते हुए कहा,'बुमराह एक शानदार गेंदबाज हैं। उनके पास बहुत सारे वैरिएशन हैं। वह डेथ ओवरों में बहुत अच्छी गेंदबाजी करते हैं। वह भी इंसान हैं। उनका दिन खराब हो सकता है, जैसा कि हम बाकी लोगों का होता है। इसलिए उम्मीद है कि उनके खिलाफ हमारा दिन अच्छा रहेगा।'

उठाना होगा बुमराह के खिलाफ हर मौके का फायदा

उन्होंने कहा,'इंग्लैंड ने जिस तरह से कल उन्हें खेला, आखिरी दो ओवर में हावी होने की कोशिश की और खुद को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया। उन्होंने यही रणनीति अपनाई थी।'फिलिप्स ने कहा कि न्यूज़ीलैंड को बुमराह के हर उस मौके का फायदा उठाना होगा जिसमें वह चूकते हैं।

ऐसा रहा है बुमराह का प्रदर्शन

बुमराह ने मौजूदा टी20 विश्व कप में खेले 7 मैच की 7 पारी में गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट 15.90 के औसत और 6.62 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। 15 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन टूर्नामेंट में रहा है। टूर्नामेंट में 10 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में उनकी इकोनॉमी सर्वश्रेष्ठ रही है। इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम ओवरों में किफायती गेंदबाजी करके ही टीम को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। ऐसे में उन्होंने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। फाइनल मुकाबले में बुमराह न्यूजीलैंड के पहली बार विश्व चैंपियन बनने की राह में बड़ा रोड़ा बन सकते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article