Jasprit Bumrah included in India ODI squad: टीम इंडिया के अनुभवी व धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की आखिरकार मैदान पर वापसी हो रही है। बुमराह फिट घोषित कर दिए गए हैं और इसके साथ ही श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी से होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय वनडे टीम में शामिल कर लिया गया है।
जसप्रीत बुमराह को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) द्वारा फिट घोषित किए जाने के बाद उनको वनडे टीम में शामिल करने का फैसला लिया गया है। बुमराह ने भारत की ओर से पिछला मुकाबला सितंबर में खेला था और वह पीठ की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में भी नहीं खेल पाए थे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा, ‘‘अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की मास्टरकार्ड एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारत की एकदिवसीय टीम में शामिल किया है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘यह तेज गेंदबाज रिहैबिलिटेशन से गुजरा है और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) ने उसे फिट घोषित किया है। वह जल्द ही भारत की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।’’
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल।
