लाहौर: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के धाकड़ सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय पाकिस्तान सुपर लीग के जरिए इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी का रास्ता तैयार कर रहे हैं। पीएसएल में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के लिए खेल रहे रॉय ने पेशावर जालिमी के खिलाफ 63 गेंद में 145 रन की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम की रिकॉर्ड तोड़ जीत में अहम योगदान दिया और पीएसएल इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेल डाली। अपनी आतिशी पारी के दौरान जेसन रॉय ने 20 चौके और पांच छक्के जड़े।
क्वेटा को दिलाई पीएसएल की तीसरी सबसे बड़ी जीत
32 वर्षीय जेसन रॉय की आतिशी पारी की बदौलत क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने पेशावर जालिमी द्वारा दिए 241 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करके जीत हासिल की। पेशावर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में बाबर आजम के शानदार शतक(115) और सैम अयूब के अर्धशतक(74) की बदौलत 2 विकेट पर 240 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे जेसन रॉय ने 63 गेंद में 145 रन की नाबाद पारी के दौरान चौकों छक्कों की झड़ी लगाते हुए पीएसएल इतिहास की लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरी सबसे बड़ी जीत अपनी टीम को दिला दी।
पीएसएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी
जेसन रॉय की 63 गेंद में 145 रन की पारी पीएसएल इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। यह उनका भी टी20 में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले पीएसएल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के कोलिन इन्ग्राम के नाम दर्ज था। इन्ग्राम ने साल 2019 में कराची किंग्स की ओर से खेलते हुए क्वेटा ग्लेडिएटर्स के खिलाफ नाबाद 127 रन की पारी खेली थी। चार साल लंबे अंतराल के बाज उनका ये रिकॉर्ड अब जेसन रॉय के नाम हो गया है।
आईपीएल 2023 में नहीं मिला खरीदार
दिसंबर में आईपीएल 2023 के लिए हुई नीलामी में जेसन रॉय को कोई खरीदार नहीं मिला था। 1.5 करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में वो उतरे थे। साल 2022 में गुजरात टाइटन्स ने 2 करोड़ रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था लेकिन बायो-बबल में रहने की बाध्यता के कारण उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। ऐसे में इस बार किसी भी टीम ने उन्हें अपने दल में शामिल नहीं किया। इससे पहले 2021 में रॉय सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे।
