नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी की पहचान दुनियाभर में कैप्टन कूल के नाम से जाना जाता है। हर कोई दबाव की स्थिति में उनके शांत मिजाज का मुरीद है। यह बात उन्हें दुनियाभर के खिलाड़ियों से अलग बनाती है। लेकिन उनके साथी खिलाड़ी रहे तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने अपने एक हालिया इंटरव्यू में धोनी की छवि के इर्दगिर्द बने आभामंडल को तोड़ने की कोशिश करते हुए बड़ा खुलासा किया है।
धोनी नहीं है कूल, मैदान पर देते हैं बहुत गालियां
इशांत ने धोनी के बारे में चर्चा करते हुए कहा,धोनी भाई की एक नहीं बहुत सारी स्ट्रेंथ हैं वो काम और कूल तो बिलकुल नहीं हैं। मैदान पर वो बहुत गालियां देते हैं और मुझे भी बहुत दी हैं। वो हमेशा मुझे छोटे भाई के हिसाब से बोलते हैं। मैंने उनसे एक बार पूछा कि आप मुझे इतना चिढ़ाते क्यों हो तो उन्होंने कहा कि देख मैं उसी को चिढ़ाता हूं जिसे प्यार करता हूं। उसके बाद से मैं बिलकुल चिल हो गया।
विराट के खराब शॉट खेलने पर जताई थी नाराजगी
इशांत ने धोनी के गर्म मिजाज की चर्चा करते हुए कहा, विराट कोहली भी धोनी के खराब व्यवहार का शिकार हो चुके हैं। माही विराट कोहली के शॉट खेलने के तरीके से खुश नहीं थे। शिखर धवन के डेब्यू टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये वाकया हुआ था। दूसरी इनिंग में मैच थोड़ा फंस गया था। हालांकि हम मैच जीत गए थे लेकिन शिखर दूसरी पारी में बैटिंग नहीं कर पाया था क्योंकि उसके अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया था। मैच फंस गया था चीकू(विराट) आउट हो गया था। मैच हम जीत गए तब विराट से धोनी ने कहा, जब पता था कि हमारे पास बैट्समैन कम हैं तो वो शॉट खेलने की क्या जरूरत थी। वो गुस्सा नहीं हुए एक तरीके से लेकिन उन्होंने एक प्वाइंट रखा और उस खिलाड़ी को गलती का अहसास भी करा दिया। ये उनका एक तरीका है प्लेयर को इम्प्रूव कराने का।
धोनी के कमरे में लगा रहता है गांव की तरह मजमा
धोनी चिल कैसे करते हैं इसके बारे में इशांत ने कहा, उनका कमरा कभी खाली नहीं होता है। वो कभी अकेले होते ही नहीं हैं। को ना कोई बैठा रहता है मजमा लगा रहता है। चाहे वो आईपीएल खेल रहे हों और या इंडियन टीम में। उनके कमरे में लोग बैठे ही रहते हैं। जैसे गांव की फीलिंग होती है वैसी ही उनके कमरे की होती है बस पेड़ की कमी होती है। वहां हमेशा नॉर्मल हंसी मजाक होता रहता है। आम तौर पर माही भाई से कॉन्टैक्ट करने का कोई जरिया नहीं है। वो व्यक्ति अपने साथ फोन ही नहीं रखता है।
आंखों से करते हैं धोनी गुस्सा
धोनी को सबसे ज्यादा गुस्सा कब देखा इसके जवाब में उन्होंने कहा, वो आम तौर पर गुस्सा नहीं करते हैं। लेकिन उनका गुस्सा ऐसा होता है जैसा आंखों से पापा गुस्सा करते थे वो समझ में आ जाता था। जब वो बैठे हैं और चुप हैं तो वो अपने जोन में होते हैं। ऐसे में कोई उनसे कुछ पूछता है तो वो गुस्सा होते हैं। उस दौरान वो गेम के बारे में कुछ सोच रहे होते हैं।
