क्रिकेट

इरफान पठान ने पाकिस्तान की पोल खोली, फेक न्यूज से उठाया पर्दा, बाबर आजम की भी फजीहत हुई

Irfan Pathan On Babar Azam Fake News Story: पाकिस्तान में फर्जी स्टोरी और वीडियो चलाने का चलन कोई नई बात नहीं है और क्रिकेट के मामले में वे कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे ही एक किस्से की पोल खोली है भारत के पूर्व तेज गेंदबाज व मौजूदा कमेंटेटर इरफान पठान ने।

Image

इरफान पठान ने बाबर आजम वाले फेक वीडियो की पोल खोली (Instagram/IrfanPathan/AP)

पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने ट्रोलिंग और फेक न्यूज़ का सामना करने के बारे में बात करते हुए बताया कि एक बार पाकिस्तान में एक फेक स्टोरी चली थी कि पाकिस्तानी बल्लेबाज बाबर आज़म ने उन्हें इंटरव्यू देने से मना कर दिया था। पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि वह किसी भी चीज का जवाब नहीं देते, क्योंकि अगर हर चीज का जवाब देने लगें तो इंसान अपनी जिंदगी नहीं जी पाएगा। पठान JioHotstar के शो 'चीकी सिंगल्स' (Cheeky Singles) में बात कर रहे थे।

इस कार्यक्रम के दौरान पठान ने कहा कि "ट्रोलिंग और फेक बातें" रोज़ होती हैं। एक बार तो किसी और की तस्वीर पर उनका चेहरा फोटोशॉप करके यह स्टोरी चलाई गई थी कि बाबर ने उन्हें इंटरव्यू देने से मना कर दिया। इरफान ने कहा, "ट्रोलिंग और फ़ेक बातें रोज़ होती हैं। हमारे पड़ोसी देश की मीडिया ने एक बार यह स्टोरी चलाई थी कि मैं बाबर आज़म का इंटरव्यू लेने गया था और उन्होंने मना कर दिया क्योंकि उनके हिसाब से, 'वह हमारे देश को ट्रोल करते हैं, इसलिए मैं उन्हें इंटरव्यू नहीं दूंगा।' यह पूरी तरह झूठ था। किसी ने मेरी तस्वीर को फोटोशॉप करके किसी और की तस्वीर पर लगा दिया था।"

उन्होंने आगे कहा, "असली तस्वीर में बांग्लादेश का एक युवा रिपोर्टर था जो पहली बार ग्राउंड पर गया था और उसे इंटरव्यू देने से मना कर दिया गया था। उन्होंने सचमुच उसके शरीर पर मेरा चेहरा लगा दिया और स्टोरी फैला दी। इसे दस लाख से ज्यादा बार देखा गया और लोगों को लगा कि वह मैं ही था। ऐसा रोज़ होता है, लेकिन मैं जवाब नहीं देता। रोज हमारे नाम पर या किसी खिलाड़ी के बारे में कोई न कोई झूठ बोला जाता है। अगर आप हर किसी को जवाब देते रहेंगे, तो आप अपनी ज़िंदगी नहीं जी पाएंगे।"

2003-12 के अपने करियर के दौरान, पठान ने 141 पारियों में 26.12 की औसत से 2,821 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 11 अर्धशतक शामिल थे और उनका बेस्ट स्कोर 102 था। 29.85 की औसत से 301 विकेट, नौ बार एक पारी में पांच विकेट और दो बार मैच में दस विकेट लेने वाले पठान अपने समय के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक थे, लेकिन चोटों की वजह से उनके करियर पर काफी असर पड़ा। उन्होंने IPL में पंजाब किंग्स (PBKS), दिल्ली कैपिटल्स (DC), राइज़िंग पुणे सुपरजायंट (RPG) और गुजरात लायंस (GL) का भी प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने 103 मैचों में 80 विकेट लिए हैं और 82 पारियों में 21.49 की औसत से 1,139 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article