Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय सेना ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुंछ से पकड़ा गया संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक बताया जा रहा है। सेना संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ने के बाद आगे की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपने की तैयारी कर रही है।
शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना संदिग्ध व्यक्ति को जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंपने वाली है। इसके बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी और भारत में प्रवेश करने, पुंछ पहुंचने तथा यहां उसकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां जुटा सकती है। फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।जांच के बाद ही संदिग्ध की नागरिकता और पुंछ में उसकी मौजूदगी से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खेत से ड्रोन बरामद
इससे पहले, कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से ड्रोन बरामद किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार बताया कि शुक्रवार शाम हीरानगर सेक्टर के जंगीचक गांव में एक खेत में ड्रोन देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन कहां से आया, उसके निर्माता, मॉडल और तकनीकी विशिष्टताओं का पता लगाने और यह निर्धारित करने के लिए फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है कि क्या इसका उपयोग किसी सीमा पार गतिविधि के लिए किया गया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ड्रोन किन परिस्थितियों में इस इलाके में उतरा।
टाइम्स नाउ नवभारत में ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में 65 सक्रिय आतंकवादी, सुरक्षा एजेंसियों का घने जंगलों में तलाशी अभियान तेज
आतंकियों के तीन मददगार गिरफ्तार
इससे पहले, शोपियां में सुरक्षाबलों को शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल हुई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने शोपियां में आतंकवादियों के तीन मददगारों को दबोचा था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शोपियां जिले में पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में आतंकवादियों के तीन मददगारों को गिरफ्तार किया था जिनके पास से गोला-बारूद और पोस्टर बरामद हुए।
