क्रिकेट

IPL 2026 Playoffs, Final Schedule: आईपीएल प्लेऑफ और फाइनल का शेड्यूल घोषित, जानिए कब और कहां होंगे मैच

IPL 2026 Playoffs And IPL Final Schedule Announced: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और आईपीएल फाइनल के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई द्वारा टूर्नामेंट के प्लेऑफ के तीन मैच और फिर खिताबी मुकाबले के मैदान और तारीखें तय कर दी गई हैं। यहां देखिए पूरा शेड्यूल।

Image

आईपीएल प्लेऑफ और फाइनल का कार्यक्रम घोषित

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • आईपीएल 2026 प्लेऑफ और फाइनल का कार्यक्रम घोषित
  • प्लेऑफ और फाइनल के मैदान और तारीखों का ऐलान हुआ

IPL 2026 Playoffs And Final Schedule: बेंगलुरु के बजाय अहमदाबाद लगातार दूसरे सत्र में 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि क्वालीफायर एक धर्मशाला और दो अन्य प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को यह घोषणा की। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल बेंगलुरु में खेला जाना था। पिछले साल के अलावा अहमदाबाद ने इससे पहले 2022 और 2023 में आईपीएल फाइनल की मेजबानी की थी।

बीसीसीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "आईपीएल फाइनल की मेजबानी के लिए मूल रूप से बेंगलुरु को चुना गया था। लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगों के कारण जो बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, आयोजन स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया है।"

IPL प्लेऑफ और फाइनल का कार्यक्रम (IPL Playoffs And IPL Final Schedule)

मैचमैच की तारीखजगह
क्वालीफायर-126 मई 2026एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला
एलिमिनेटर मैच27 मई 2026न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
क्वालीफायर-229 मई 2026न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
फाइनल31 मई 2026नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद
बोर्ड ने हालांकि कर्नाटक की राजधानी में फाइनल आयोजित करने के लिए की जा रही मांगों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया है। बोर्ड ने यह भी कहा कि "संचालन और लॉजिस्टिकल से जुड़े मसलों के कारण इस वर्ष प्लेऑफ चरण के मैच तीन स्थानों पर खेले जाएंगे।" बीसीसीआई ने कहा, "क्वालीफायर एक 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें भाग लेंगी। इस मैच के विजेता को फाइनल में सीधा प्रवेश मिलेगा।"

इसमें कहा गया है, "इसके बाद मुकाबले न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जहां तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में 29 मई को क्वालीफायर दो भी खेला जाएगा।" धर्मशाला में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का कोई मैच खेला जाएगा।

एलिमिनेटर में जीत दर्ज करने वाली टीम क्वालीफायर दो में क्वालीफायर एक में हारने वाली टीम का सामना करेगी। इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी। बीसीसीआई ने कहा, ’’आईपीएल के मौजूदा सत्र का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रैंड फाइनल के साथ होगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।’’

बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया कि अहमदाबाद स्टेडियम को उसकी अधिक दर्शकों की क्षमता के कारण प्राथमिकता दी गई क्योंकि फाइनल के लिए अधिक संख्या में दर्शकों के आने की संभावना है। यह भी पता चला है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की अपेक्षाकृत कम क्षमता को देखते हुए बोर्ड कर्नाटक सरकार के उस फैसले से सहमत नहीं है जिसमें राज्य के विधायकों, एमएलसी और सांसदों के लिए इस सत्र में आईपीएल के तीन-तीन मुफ्त टिकटों का कोटा निर्धारित किया गया है।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की क्षमता लगभग 35,000 दर्शकों की है। पिछले साल आरसीबी के विजय समारोह के दौरान हुई भगदड़ में यहां 11 लोगों की जान चली गई थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article