क्रिकेट

IPL 2026 Auction: नामों में हुई कटौती, अब आईपीएल नीलामी में सिर्फ 350 खिलाड़ियों की लगेगी बोली, जानिए कितने भारतीय

IPL 2026 Auction Players List Updated: आईपीएल 2026 के लिए 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के लिए जो 1355 खिलाड़ियों की रजिस्टर्ड लिस्ट सामने आई थी, उसमें से बीसीसीआई ने अचानक बड़ी कटौती कर दी है। अब सिर्फ 350 खिलाड़ियों की बोली लगेगी। जानिए इसमें कितने भारतीय और कितने विदेशी क्रिकेटर होंगे।

Image

आईपीएल 2026 नीलामी के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट में बड़ी छंटनी (IPLT20/BCCI)

IPL Auction 2026 Players List: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की 16 दिसंबर को अबुधाबी में होने वाली नीलामी में कुल 350 क्रिकेटरों की बोली लगेगी जिनमें 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। हाल ही में वनडे में संन्यास से वापसी करने वाले दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक का नाम भी अंतिम सूची में शामिल किया गया है। उनका आधार मूल्य एक करोड़ रुपये है। इस सूची में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी शामिल हैं, जिनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है। स्मिथ आखिरी बार 2021 में आईपीएल में खेले थे।

आईपीएल की एक विज्ञप्ति के अनुसार खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कुल 1390 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। इसे बाद में घटाकर 1005 पर दिया गया था। इन खिलाड़ियों में से ही अंतिम 350 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई है। आईपीएल की 10 फ्रेंचाइजी टीमें इन 350 खिलाड़ियों में से ही बाकी बचे 77 स्थान को भरेंगे।

नीलामी में खिलाड़ियों के पहले सेट में भारत और मुंबई के बल्लेबाज पृथ्वी साव और सरफराज खान शामिल हैं। इन दोनों ने अपना आधार मूल्य 75 लाख रुपये रखा है। साव 2018 से 2024 तक आईपीएल में खेले थे, लेकिन पिछली बार नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। सरफ़राज़ 2021 के बाद से इस प्रतियोगिता में नहीं खेले हैं। आईपीएल द्वारा साझा की गई सूची में दो आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क के अलावा न्यूजीलैंड और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक का आधार मूल्य दो करोड़ रुपये है।

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) द्वारा रिलीज किए गए ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने अपना आधार मूल्य दो करोड़ रुपये रखा है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले कुणाल चंदेला और अशोक कुमार भी नीलामी की अंतिम सूची में शामिल हैं। तीन बार की विजेता केकेआर 64.3 करोड़ रुपये की सबसे अधिक धनराशि के साथ नीलामी में उतरेगी। उसके बाद पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का नंबर आता है जिसके पास 43.4 करोड़ रुपये की धनराशि बची है। एक बार आईपीएल खिताब जीत चुकी सनराइजर्स हैदराबाद 25.5 करोड़ रुपये के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर है।

नीलामी की अंतिम सूची में इंग्लैंड के 21 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ, तेज गेंदबाज गस एटकिंसन, लियाम लिविंगस्टोन और टेस्ट सलामी बल्लेबाज बेन डकेट शामिल हैं। इस नीलामी में ग्रीन पर बड़ी बोली लगने की संभावना है। ऑस्ट्रेलिया के कुल 19 खिलाड़ी सूची में शामिल हैं। इनमें ग्रीन के अलावा जोश इंगलिस, मैथ्यू शॉर्ट, कूपर कोनोली और ब्यू वेबस्टर अन्य प्रमुख नाम हैं।

दक्षिण अफ्रीका के 15 खिलाड़ी नीलामी सूची का हिस्सा हैं। इनमें डीकॉक और मिलर के साथ तेज गेंदबाज एनरिक नोर्किया, लुंगी एनगिडी, गेराल्ड कोएट्जी और ऑलराउंडर वियान मुल्डर भी शामिल हैं। नीलामी की सूची में जगह बनाने वाले वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और शमर जोसेफ, एकीम ऑगस्टे, शाई होप और रोस्टन चेस शामिल हैं।

श्रीलंका के जिन 12 खिलाड़ियों ने नीलामी सूची में जगह बनाई है उनमें वानिंदु हसरंगा, दुनीथ वेल्लालेज, महेश तीक्षाना, त्रवीन मैथ्यू, पथुम निसांका, कुसल मेंडिस और कुसल परेरा भी शामिल है। न्यूजीलैंड के 16 और अफगानिस्तान के 10 खिलाड़ियों को नीलामी सूची में जगह मिली है। न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों में रचिन रवींद्र भी शामिल हैं जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने रिलीज कर दिया था। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों में रहमानुल्लाह गुरबाज और नवीन उल हक भी शामिल हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article