क्रिकेट

RCB में शामिल हो सकता था टी20 में सबसे तेज शतक जड़ने वाला खिलाड़ी, CSK ने एक कॉल से मार ली बाजी

Urvil Patel CSK Story: गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए केवल 3 मैचों में ही सभी को इंप्रेस कर दिया। उर्विल सीजन के बीच में टीम से जुड़े थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया है और बताया है कि सीएसके से पहले आरसीबी ने उन्हें कॉल किया था।

Image

उर्विल पटेल ने किया बड़ा खुलासा (फोटो- BCCI)

Urvil Patel CSK Story: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 को समाप्त हुए 45 दिन से ज्यादा हो गए हैं। इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और कई बड़े खिलाड़ियों ने निराश किया। हालांकि टीम के द्वारा सीजन के बीच में लाए गए रिप्लेसमेंट की जमकर चर्चा हुई। इसमें गुजरात के रहने वाले उर्विल पटेल भी शामिल थे जो कि वंश बेदी की जगह टीम में शामिल किए गए थे। उर्विल ने अपने डेब्यू सीजन में तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया। एक मैच में उन्होंने सिर्फ 11 गेंदों पर 31 रन और दूसरे मैच में 19 गेंदों पर 37 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों और एक्सपर्ट्स को खासा प्रभावित किया। टी20 में 28 गेंदों पर शतक जड़ इतिहास रच चुके विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया है और बताया है कि सीएसके से पहले आरसीबी ने उन्हें कॉल किया था।

गुजरात के विकेटकीपर-बल्लेबाज उर्विल पटेल आईपीएल की पिछली नीलामी से पहले सबसे चर्चित युवा खिलाड़ियों में थे। इसके बावजूद, नीलामी में ना तो उनको खरीदार मिला और ना ही उनका नाम टीमों की लिस्ट में आया। इस निराशा के बाद पटेल ने अगले ही सप्ताह में दो बार 30 गेंदों से कम में शतक जड़कर सभी को करारा जवाब दिया। उर्विल को इन दो पारियों का परिणाम कुछ दिनों बाद मिला जब एक ही दिन दो टीमों ने उन्हें टीम में चयन के लिए कॉल किया।

एक ही दिन आया दो टीमों का कॉल

उर्विल पटेल ने 'गेम चेंजर्स' के साथ बातचीत में ये खुलासा किया कि उन्हें एक ही दिन आरसीबी और सीएसके दोनों का कॉल आया था। विकेटकीपर बल्लेबाज ने ये भी बताया कि उन्होंने सीएसके का क्यों चयन किया। उन्होंने सीएसके में चयन के दिन को याद करते हुए कहा कि 'जब मुझे ये पता चला तो मैं बहुत उत्साहित हो गया क्योंकि मुझे अच्छे से याद है कि मेरे पास एक ही दिन दो बड़ी ख़बरें थीं। पहले मेरे पास फ़ोन आया कि देवदत्त पडिक्कल शायद चोटिल हो गए हैं। RCB उनका रिप्लेसमेंट खोज रही है। उन्होंने मुझे पहले फ़ोन किया, लेकिन उन्होंने कंफर्म नहीं किया कि वह मुझे पिक ही करेंगे। उन्होंने मुझे पंद्रह दिन के ट्रायल्स के लिए बुलाया था। एक घंटे बाद मुझे CSK से फ़ोन आया। स्काउटिंग टीम से श्रीकांत सर ने मुझे फ़ोन किया और कहा कि वो लोग मुझे एक रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में देख रहे हैं।'

उन्होंने आगे कहा कि- 'मैं कन्फ्यूज था। मैंने कहा- सर RCB ने भी मुझे फ़ोन किया था। जवाब आया कि वो लोग मुझे टीम में शामिल करने के लिए श्योर हैं। उन्होंने मुझसे तैयार रहने और BCCI के अप्रूवल का इंतज़ार करने के लिए कहा। ये मेरे लिए बहुत अच्छा पल था। मुझे याद है हम छुट्टियों पर थे, पूरा परिवार साथ था। मुझे याद है कि फ़ोन 1 बजे के आसपास आया था और मैंने शाम में परिवार को बताया कि ये क्लियर है कि मैं CSK जा रहा हूं।'

ऐसा रहा प्रदर्शन

उर्विल पटेल ने सीएसके में दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज वंश बेदी की जगह ली। अपने डेब्यू सीजन में पटेल ने तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन किया।उन्होंने पहले ही मैच में सिर्फ 11 गेंदों पर 31 रन और दूसरे मैच में 19 गेंदों पर 37 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों और एक्सपर्ट्स को खासा प्रभावित किया। अगले सीजन में भी वे टीम से जुड़े रह सकते हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article