क्रिकेट

IPL 2025 ReStart: आईपीएल 2025 जल्द हो सकता है शुरू, BCCI ने टीमों को मंगलवार तक वेन्यू पर पहुंचने का दिया निर्देश

IPL 2025 Restart: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। दरअसल रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल अगले हफ्ते शुरू हो सकता है। इसके लिए बीसीसीआई ने सारे इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं और टीमों से भी बातचीत की है।

Image

IPL 2025 Trophy (फोटो- BCCI/AP)

IPL 2025 Restart: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पंजाब किंग्स को छोड़कर सभी आईपीएल टीमों से मंगलवार तक अपने-अपने मैच वेन्यू पर पहुंचने को कहा है। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के मुताबिक बताया है कि बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को मौखिक रूप से सूचित किया है कि वह एक नया शेड्यूल जारी करके आईपीएल को जल्द ही फिर से शुरू करने की योजना बना रहा है। साथ ही, फ्रेंचाइजी को अपने विदेशी खिलाड़ियों को उनकी यात्रा योजनाओं के बारे में सूचित करने के लिए कहा गया है।

शुक्रवार को आईपीएल के स्थगित होने के बाद अधिकांश विदेशी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो गए थे। अब फ्रेंचाइजी उन्हें वापस लाने की व्यवस्था कर रही हैं। ऐसा माना जा रहा है कि बीसीसीआई ने टीमों को मंगलवार तक वेन्यू पर पहुंचने का निर्देश इसलिए दिया है ताकि टूर्नामेंट को निर्धारित तिथि 25 मई तक पूरा किया जा सके। अभी 12 मैच बाकी हैं, और बोर्ड डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) आयोजित करने की योजना बना रहा है।

फाइनल के नहीं बदलेंगे स्थान

रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल 2025 में फाइनल और प्लेऑफ की जगह नहीं बदलने वाली है। वहीं आईपीएल 30 मई तक समाप्त हो सकता है।

डबल हेडर की योजना बना रहा बोर्ड

बोर्ड के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि "सभी फ्रेंचाइजी को अपनी टीमों को मंगलवार तक निर्धारित वेन्यू पर पहुंचने के लिए कहा गया है। पंजाब किंग्स के लिए एक न्यूट्रल वेन्यू तय किया जाएगा, इसलिए उनका स्थान अभी तय नहीं हुआ है। बोर्ड आईपीएल को समय पर पूरा करने के लिए अधिक डबल हेडर मैच आयोजित करने की योजना बना रहा है।"

सरकार से परामर्श के बाद होगा फैसला

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद वह स्थगित आईपीएल को जल्द से जल्द फिर से शुरू करने की संभावना तलाश रहे हैं। धूमल ने कहा, "युद्धविराम की घोषणा हुई है, अब हम आईपीएल को फिर से शुरू करने और पूरा करने की संभावना पर विचार कर रहे हैं। अगर इसे तुरंत आयोजित करना संभव होता है... तो हमें वेन्यू, तिथियां और अन्य व्यवस्थाएं तय करनी होंगी। हम सभी हितधारकों, जिनमें टीम मालिक, प्रसारक और अन्य लोग शामिल हैं, से बात करेंगे और यह तय करेंगे कि आगे कैसे बढ़ा जाए। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि हमें सरकार से परामर्श करना होगा।"

चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद हो सकते हैं संभावित वेन्यू

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण शुक्रवार को आईपीएल को स्थगित करने के बाद बीसीसीआई ने बाकी बचे मैचों के लिए चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद को संभावित वेन्यू के रूप में शॉर्टलिस्ट किया था। हालांकि, वेन्यू का अंतिम फैसला सरकार से परामर्श के बाद ही किया जाएगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article