क्रिकेट

IPL 2025: अपने खेल से सबको चुप करा दिया... धोनी को लेकर सुनील गावस्कर ने ऐसा क्यों कहा, जानिए वजह

IPL 2025, Sunil Gavaskar statement Against MS Dhoni: आईपीएल 2025 के पहले डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस से होगा। इस मुकाबले के आगाज से पहले भारतीय दिग्गज ने एमएस धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया।

Image

महेंद्र सिंह धोनी (फोटो- AP)

Photo : AP

IPL 2025, Sunil Gavaskar statement Against MS Dhoni: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) आईपीएल 2025 में अपने अभियान की शुरुआत मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ करने जा रही है। यह मुकाबला खास होगा क्योंकि दोनों टीमें पांच-पांच बार की चैंपियन हैं। लेकिन सबसे ज्यादा नजरें महेंद्र सिंह धोनी पर रहेंगी, जो अब भी इस टूर्नामेंट के अहम खिलाड़ी हैं।

धोनी के इस सीजन में खेलने को लेकर कई तरह की अटकलें थीं, लेकिन भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने कहा कि जब भी लोगों ने धोनी पर सवाल उठाए, उन्होंने अपने खेल से सबको चुप करा दिया। धोनी जुलाई में 44 साल के हो जाएंगे और यह उनका लगातार 18वां आईपीएल सीजन होगा। इनमें से 16 सीजन उन्होंने सीएसके के लिए खेले हैं। उन्होंने अब तक 264 मुकाबलों में 5243 रन बनाए हैं और आईपीएल के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में छठे स्थान पर हैं। उनके नाम 24 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

सुनील गावस्कर ने जियोहॉटस्टार से बातचीत में कहा, "हम धोनी दबाव क्यों डालें? जब भी लोगों ने उनकी क्षमता पर संदेह किया, उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन से जवाब दिया। इस उम्र में भी वह नेट्स में छक्के जड़ रहे हैं। उनके लिए उम्र महज एक संख्या है।" रविवार को जब धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे, तो उन्हें सीएसके के लिए 250 छक्के पूरे करने के लिए सिर्फ दो छक्कों की जरूरत होगी। धोनी ने सीएसके की कप्तानी करते हुए 212 मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिसमें 128 मुकाबलों में जीत और 82 में हार मिली है।

धोनी आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे क्रिस गेल (357), रोहित शर्मा (280) और विराट कोहली (272) हैं। धोनी 2008 से सीएसके के साथ जुड़े हुए हैं और टीम को पांच बार चैंपियन बना चुके हैं। हालांकि, 2016 और 2017 में स्पॉट फिक्सिंग विवाद के कारण जब टीम निलंबित हुई थी, तब वह कुछ समय के लिए अलग हुए थे। पिछले साल आईपीएल मेगा नीलामी में सीएसके ने उन्हें अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर टीम में रखा है क्योंकि वह पिछले पांच साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने मुंबई और चेन्नई के इस मुकाबले को ‘एल क्लासिको’ कहा। उन्होंने कहा, "यह दोनों टीमें आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी हैं। चेन्नई अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर मुंबई पर हावी रही है, जैसे मुंबई अपने वानखेड़े स्टेडियम में सीएसके पर भारी पड़ती है।" यह दोनों टीमें अब तक 37 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें मुंबई ने 20 और चेन्नई ने 17 मुकाबले जीते हैं। हालांकि, पिछले साल खेले गए एकमात्र मैच में सीएसके ने मुंबई को 20 रनों से हराया था।

हेडन ने आगे कहा, "सीएसके की स्पिन गेंदबाजी इस मुकाबले में अहम भूमिका निभाएगी। खासकर तब, जब टीम के पुराने साथी रविचंद्रन अश्विन भी वापस लौट आए हैं। चेपॉक की पिच फिरकी गेंदबाजों की मदद कर सकती है।"

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article