CSK vs MI Head to Head: आईपीएल 2025 का तीसरा मुकाबला पांच-पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले सीजन दोनों ही टीमें प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही थीं। ऐसे में दोनों टीमें नए सीजन का आगाज जीत के साथ करना चाहेंगी। मुंबई इंडियन्स के कप्तान पहले मैच में बैन की वजह से नहीं खेल सकेंगे। उनकी जगह टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभालेंगे। वहीं रुतुराज गायकवाड़ लगातार दूसरी बार चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभालने को तैयार हैं। दोनों टीमों के बीच चेन्नई के घरेलू मैदान पर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों टीमों के बीच अबतक कैसी रही है भिड़ंत?
चेन्नई में चलता है मुंबई का सिक्का
आईपीएल के पिछले 17 साल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच अब तक 39 मैच खेले गए हैं जिसमें से सीएसके ने 18 मैच जीते हैं। वहीं मुंबई 21 मैचों में चेन्नई को शिकस्त देने में सफल रही है। आज का मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाला है तो इस मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच हुए मैचों के आंकड़ों पर भी नजर डालते हैं। सीएसके और एमआई के बीच चेन्नई में अब तक 9 मुकाबले हुए हैं जिसमें 3 मैच मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स ने जीते हैं, जबकि 6 मैच मुंबई इंडियन्स के खाते में गए हैं। यानी मुंबई की पलटन का सिक्का चेन्नई के घर पर भी चलता है। हालांकि दोनों के बीच खेले गए पिछले छह मुकाबलों में से मुंबई की टीम केवल एक में जीत हासिल करने में सफल रही है। पिछले दो सीजन में चेन्नई के खिलाफ मुंबई का खाता भी नहीं खुला। ऐसे में ये मुकाबला मुंबई के लिए चेन्नई की तुलना ज्यादा अहम है।
