क्रिकेट

बीसीसीआई ने जारी किया WTC फाइनल के मद्देनजर फरमान, 8 खिलाड़ी होंगे प्लेऑफ से बाहर

बीसीसीआई ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपयिनशिप में शिरकत करने जा रहे सभी दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को इस तारीख तक रिलीज करने का फरमान आईपीएल की सभी टीमों को सुना दिया है। जानिए किस तारीख तक उपलब्ध रहेंगे दक्षिण अफ्रीकी प्लेयर?

Image

आईपीएल

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी को निर्देश दिया कि वे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में खेलने वाले दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को 26 मई तक रिलीज कर दें जिससे ये क्रिकेटर आईपीएल प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। टीमों को भेजे गए परामर्श में बीसीसीआई ने यह भी बताया कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आईपीएल के बचे मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे जिसे पिछले हफ्ते भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के कारण निलंबित कर दिया गया था।

संघर्ष विराम की घोषणा के बाद आईपीएल को 17 मई से फिर से शुरू करने का फैसला किया गया जबकि फाइनल अब तीन जून को होगा जिसे 25 मई को आयोजित होना था। इससे दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं में टकराव हुआ। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर सीएसए (दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट) सहित विदेशी बोर्डों के साथ बातचीत की। पर दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट संस्था ने 11 जून से लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल के मद्देनजर नरमी नहीं दिखाई। यहां जिक्र करना होगा कि दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख टी20 लीग की सभी छह टीमें आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्वामित्व वाली हैं।

दक्षिण अफ्रीका को 31 मई को ब्रिटेन जाना है जबकि प्ले-ऑफ 29 मई से शुरू होंगे। और इसी तारीख से वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड की घरेलू सफेद गेंद की श्रृंखला भी शुरू होगी। बीसीसीआई ने टीमों को एक आधिकारिक संदेश में बताया,'दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को सोमवार 26 मई तक दक्षिण अफ्रीका लौटना ही होगा। वेस्टइंडीज के खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के दौरान उपलब्ध रहेंगे।' ट्रिस्टन स्टब्स (दिल्ली कैपिटल्स), वियान मुल्डर (सनराइजर्स हैदराबाद), कगिसो रबाडा (गुजरात टाइटन्स), कॉर्बिन बॉश (मुंबई इंडियंस), रियान रिकल्टन (मुंबई इंडियंस), मार्को यानसेन (पंजाब किंग्स), लुंगी नगिडी (आरसीबी), एडेन मारक्रम (लखनऊ सुपर जायंट्स) सहित आठ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति उन टीमों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है जो प्ले-ऑफ की दौड़ में हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद ने मुल्डर को जल्दी ‘रिलीज’ कर दिया है क्योंकि वे पहले ही बाहर हो चुके हैं और पूरी संभावना है कि मारक्रम को भी लीग चरण के बाद रिलीज किया जा सकता है क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स के प्ले-ऑफ में पहुंचने की संभावना नहीं है। लेकिन यानसेन ने पंजाब किंग्स के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और यही बात मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज रियान रिकल्टन पर भी लागू होती है। स्टब्स दिल्ली कैपिटल्स के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं और गुजरात टाइटन्स के लिए तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा भी। गुजरात टाइटन्स को फॉर्म में चल रहे जोस बटलर की सेवाओं की भी कमी खलेगी जो इंग्लैंड के लिए खेलने के मद्देनजर प्ले-ऑफ से बाहर होने वाले हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article