क्रिकेट

धर्मशाला में ‘ब्लैकआउट' के कारण आईपीएल मैच रद्द, अधर में अटका आईपीएल 2025 का आयोजन, हो सकता है स्थगित

धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा मैच ब्लैकआउट की वजह से रद्द कर दिया गया। ऐसे में आईपीएल 2025 का आयोजन अधर में अटक गया है।

Image

आईपीएल 2025(साभार Star Sports Screen Grab)

धर्मशाला: पड़ोसी शहर जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद बृहस्पतिवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल मैच बीच में ही रद्द कर दिया गया जिससे भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण पूरी लीग के रद्द होने का खतरा पैदा हो गया। पंजाब की टीम 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना चुकी थी जब लाइटें चली गईं लेकिन इसका कारण पहले ‘फ्लडलाइट’ की खराबी बताया गया था। बारिश के कारण खेल निर्धारित समय से देरी से शुरू हुआ था।

दर्शकों को स्टेडियम से निकाला गया बाहर

आखिरकार टीमों और दर्शकों को उनकी सुरक्षा के लिए स्टेडियम से बाहर निकाला गया। यहां के खूबसूरत मैदान की क्षमता लगभग 23,000 है और खाली कराए जाने के समय यह लगभग 80 प्रतिशत भरा हुआ था। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘दर्शकों में कोई घबराहट नहीं थी। उन्हें (दर्शकों और खिलाड़ियों को) बहुत सावधानी से और सुरक्षित रूप से स्टेडियम से बाहर ले जाया गया।'

दर्शकों ने लगाए पाकिस्तान विरोधी नारे

स्टेडियम से बाहर निकलते समय कई लोगों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए। प्रभसिमरन सिंह 28 गेंद पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे जबकि उनके सलामी जोड़ीदार प्रियांश आर्य 34 गेंद पर 70 रन बनाकर तेज गेंदबाज टी नटराजन की गेंद पर आउट हुए थे, जिसके तुरंत बाद खेल रोकना पड़ा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को अब पठानकोट से विशेष ट्रेन में दिल्ली लाया जाएगा। पठानकोट धर्मशाला से करीब 85 किलोमीटर दूर है। टीमें सड़क मार्ग से पठानकोट पहुंचेंगी।

धर्मशाला और कांगड़ा एयरपोर्ट हुआ बंद

पाकिस्तान के हमलों को रोकने के लिए एहतियाती उपायों के तहत धर्मशाला का एकमात्र हवाई अड्डा और पड़ोसी कांगड़ा और चंडीगढ़ के हवाई अड्डे फिलहाल बंद हैं। आज रात के मैच के रद्द होने के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि लीग आगे जारी रहेगी या नहीं। यह भी पता चला है कि लीग में भाग लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों द्वारा उठाई गई सुरक्षा चिंताओं के बीच बीसीसीआई की बैठक अभी चल रही है। पर सूत्रों का कहना है कि विदेशी खिलाड़ी जल्द से जल्द घर लौटना चाहते हैं।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा तनाव

भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल हैं। ये हमले 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में किए गए जिसमें 26 लोग मारे गए थे।

पंजाब और हिमाचल के बड़े शहरों में हुआ ब्लैकआउट

बृहस्पतिवार को हवाई हमले की चेतावनी और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर, मोहाली और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ समेत कई जिलों में ‘ब्लैकआउट’ कर दिया गया। आईपीएल का कार्यक्रम पहले ही इस घटनाक्रम से प्रभावित हो चुका है क्योंकि 11 मई को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला मैच अहमदाबाद में स्थानांतरित कर दिया गया है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article